कोलकाता :- पश्चिम बंगाल की राजनीति में सोमवार को उस समय एक बड़ा भूचाल आ गया, जब ऋतब्रत बनर्जी के नेतृत्व वाले 'असली' तृणमूल गुट ने ममता बनर्जी द्वारा गठित तृणमूल कांग्रेस (TMC) के राष्ट्रीय महासचिव और डायमंड हार्बर से सांसद अभिषेक बनर्जी को पार्टी से सस्पेंड करने की घोषणा कर दी। जबकि पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को हटाकर उनके जगह पर विधायक अरूप राय को तृणमूल कांग्रेस का नया अध्यक्ष बनाया गया है।
न्यूटाउन के एक प्रतिष्ठित पांच सितारा होटल में आयोजित इस विशेष अधिवेशन में राज्य भर से आए तृणमूल पार्षदों (काउंसिलरों) और जनप्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। इस बैठक की सबसे बड़ी और महत्वपूर्ण खबर अभिषेक बनर्जी का निलंबन रही। इसके साथ ही, मंच पर लगे बैनरों से भी ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी की तस्वीरें पूरी तरह गायब थीं, और उनकी जगह गांधी, रवींद्रनाथ टैगोर और आंबेडकर के चित्रों को जगह दी गई थी। अधिवेशन में 'असली' तृणमूल की नई 30 सदस्यीय कमेटी का भी गठन किया गया। इसमें हावड़ा मध्य के विधायक अरूप राय को चेयरपर्सन बनाया गया है, जबकि फिरहाद हकीम, अरूप विश्वास और रथिन घोष को वाइस चेयरमैन नियुक्त किया गया है। इस बैठक में बीरभूम, मुर्शिदाबाद सहित कई जिलों के दिग्गज नेताओं ने हिस्सा लिया। हालांकि, ऋतब्रत बनर्जी ने स्पष्ट किया कि ममता बनर्जी को पार्टी में एक सलाहकार की भूमिका में रहना चाहिए।


0 Comments