Durgapur में नाबालिग छात्रा से होटल में गैंगरेप, सहेली ने नशीली शराब पिलाकर युवकों को सौंपा, आरोपी गिरफ्तार

दुर्गापुर (राम बाबू यादव) :- दुर्गापुर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां आठवीं कक्षा की एक नाबालिग छात्रा सामूहिक दुष्कर्म का शिकार हुई है। आरोप है कि बुदবুদ थाना क्षेत्र की रहने वाली इस नाबालिग को उसकी ही एक सहेली घर से फुसलाकर बाहर ले गई। इसके बाद एक चार पहिया वाहन के अंदर उसे जबरन नशीली दवा मिली हुई शराब पिलाई गई और बेहोशी की हालत में तीन युवकों के हवाले कर दिया गया।


पीड़िता के पिता के अनुसार, आरोपी उसे दुर्गापुर के सिटी सेंटर स्थित (कविगुरु) इलाके के एक होटल में ले गए, जहां राज मल्लिक और शेख अज़हरुद्दीन सहित तीन युवकों ने उसके साथ शारीरिक शोषण किया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पीड़िता को बुদবুদ बाईपास इलाके में अकेला छोड़कर फरार हो गए। शनिवार रात करीब साढ़े दस बजे एक टोटो चालक ने असहाय स्थिति में नाबालिग को देखा और उसे सुरक्षित घर पहुंचाया, जिसके बाद परिजनों को इस खौफनाक घटना का पता चला। 


परिजनों ने तुरंत दुर्गापुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई, जिस पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने रविवार सुबह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की फॉरेंसिक टीम ने भी मामले से जुड़े जरूरी सबूत और नमूने एकत्र किए हैं। वर्तमान में पीड़िता दुर्गापुर उप-मंडलीय अस्पताल में उपचाराधीन है। इस घटना पर दुख जताते हुए भाजपा युवा नेता पारिजात गांगुली ने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।

Post a Comment

0 Comments