रानीगंज में भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमला करने के मामले में तृणमूल अंचल अध्यक्ष सहित 2 नेता गिरफ्तार

रानीगंज :- रानीगंज थाना क्षेत्र के हाड़ाभांगा में भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमला करने, मारपीट, धमकी देने और तोड़फोड़ करने के आरोप में रानीगंज थाने की निमचा फाड़ी पुलिस ने तृणमूल कांग्रेस के 2 नेताओं को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान एगारा ग्राम पंचायत के अंचल अध्यक्ष सुदर्शन खां और तृणमूल नेता अरूप मंडल के रूप में हुई है।। पुलिस ने दोनों को रविवार रात एगारा इलाके से गिरफ्तार किया। सोमवार को जब दोनों आरोपियों को आसनसोल जिला अदालत में पेश किया गया, तो न्यायाधीश ने उन्हें दो दिनों की पुलिस रिमांड पर भेजने का निर्देश दिया। पुलिस अब उनसे हिरासत में पूछताछ कर रही है।

भाजपा नेता निर्मल गोप और अन्य कार्यकर्ताओं ने निमचा पुलिस फाड़ी में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, हाड़ाभांगा इलाके में भाजपा के कार्यक्रम में शामिल होने के बाद जब वे घर लौट रहे थे, तभी उन पर हमला किया गया था। आरोप है कि जान से मारने की धमकी दी और उनके वाहनों व अन्य सामानों में तोड़फोड़ की थी। इसी शिकायत के आधार पर पुलिस ने यह कार्रवाई की है।

इसी बीच, रानीगंज के तृणमूल ट्रेड यूनियन नेता विवेक मंडल की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उनकी पत्नी रिंकी मंडल को भी एक पुराने मामले में वारंट होने के कारण गिरफ्तार कर लिया। सोमवार को रिंकी को आसनसोल जिला अदालत में पेश किए जाने पर अदालत ने उन्हें जमानत पर रिहा कर दिया। दूसरी ओर, सोमवार को आसनसोल जिला अदालत ले जाते समय जब सुदर्शन खां और अरूप मंडल से गिरफ्तारी का कारण पूछा गया, तो उन्होंने खुद को बेकसूर बताया।

Post a Comment

0 Comments