8 रेलवे स्टेशनों पर दूरदराज के टिकटों की बिक्री बंद, 1 जुलाई से बंद होंगे 8 PRS काउंटर

कोलकाता :- कोलकाता और उसके उपनगरीय इलाकों के आठ प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर अब यात्रियों को दूरगामी (लॉन्ग डिस्टेंस) ट्रेनों के टिकट नहीं मिल सकेंगे। पूर्व रेलवे द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, आगामी 1 जुलाई से इन स्टेशनों के पैसेंजर रिजर्वेशन सिस्टम (पीआरएस) काउंटर पूरी तरह बंद कर दिए जाएंगे। जिन स्टेशनों पर यह सेवा बंद हो रही है, उनमें अगरपारा, टीटागढ़, जगतदल, बिराती, अशोकनगर रोड, मछलंदपुर, ढाकुरिया और न्यू अलीपुर शामिल हैं। रेलवे का कहना है कि इन काउंटरों पर कर्मचारियों के कार्यभार (वर्कलोड) की समीक्षा करने के बाद ही यह निर्णय लिया गया है।

रेलवे के इस फैसले से यात्रियों, विशेषकर वरिष्ठ नागरिकों और ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों में भारी असंतोष है, जो ऑनलाइन टिकट बुकिंग से परिचित नहीं हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि इन काउंटरों के बंद होने से उन्हें अब टिकट के लिए बड़े स्टेशनों पर जाना होगा, जिससे उनका समय और पैसा दोनों बर्बाद होंगे। यात्रियों का आरोप है कि ऑनलाइन बुकिंग के लिए साइबर कैफे या बाहरी एजेंसियां अतिरिक्त शुल्क वसूलती हैं, जबकि बड़े स्टेशनों पर लंबी लाइनें और दलाल चक्र की समस्या बनी रहती है। लोगों ने रेलवे से आम जनता की सहूलियत को ध्यान में रखते हुए इस फैसले पर पुनर्विचार करने और काउंटर दोबारा शुरू करने की मांग की है।

Post a Comment

0 Comments