कोलकाता :- पश्चिम बंगाल में चुनाव बाद हुई हिंसा के पीड़ितों से मिलने जा रहे तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के अखिल भारतीय महासचिव अभिषेक बनर्जी खुद हमले का शिकार हो गए। दक्षिण 24 परगना जिले के सोनारपुर में प्रवेश करते समय बाइक पर सवार अभिषेक बनर्जी को प्रदर्शनकारियों ने घेर लिया और उनके साथ शारीरिक मारपीट की गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, भीड़ ने उनके सिर, गर्दन और शरीर पर ताबड़तोड़ थप्पड़ और घूंसे बरसाए।
इस भारी हंगामे और हमले के बीच, डायमंड हार्बर के सांसद ने सुरक्षा के लिए क्रिकेट खेलने वाला हेलमेट पहना और सोनारपुर में मारे गए टीएमसी कार्यकर्ता संजू कर्मकार के घर की ओर बढ़ने लगे। इस दौरान उग्र भीड़ ने उन पर जमकर अंडे और जूते फेंके। हमले में अभिषेक बनर्जी की सफेद शर्ट के बटन भी टूट गए, लेकिन वे उसी हालत में पैदल ही आगे बढ़ते रहे। मौके पर मौजूद पुलिस बल प्रदर्शनकारियों को रोकने और स्थिति को संभालने का प्रयास करता रहा।
दरअसल, अभिषेक बनर्जी के सोनारपुर पहुंचने से पहले ही इलाके में कई जगहों पर महिलाएं हाथों में अंडे लेकर खड़ी थीं। वहीं बीजेपी कार्यकर्ता हाथों में काले झंडे लेकर 'गो बैक' (वापस जाओ) के नारे लगा रहे थे। इस भारी विरोध प्रदर्शन को देखते हुए टीएमसी नेता ने चार पहिया गाड़ी छोड़कर मोटरसाइकिल से जाने का फैसला किया, लेकिन तभी प्रदर्शनकारियों ने उन्हें घेर लिया। कुछ लोग उनकी गाड़ी के पीछे दौड़ने लगे और देखते ही देखते उनके साथ हाथापाई शुरू कर दी। इस भारी अराजकता के बीच किसी तरह अभिषेक मृतक कार्यकर्ता के घर पहुंचे। शनिवार को अभिषेक बनर्जी का पूर्व निर्धारित कार्यक्रम चुनाव बाद हुई हिंसा में मारे गए कार्यकर्ताओं के परिवारों से मिलने का था। वे कोलकाता के बेलेघाटा से होते हुए दक्षिण 24 परगना के सोनारपुर जा रहे थे। इस बीच उन्होंने कालीघाट स्थित अपने आवास पर सीआईडी (CID) का नोटिस भी लिया। लेकिन सोनारपुर पहुंचने से पहले ही पाटुली के पास ढलाई ब्रिज से लेकर सोनारपुर के कामराबाद तक हर जगह बीजेपी कार्यकर्ताओं ने सड़क पर इकट्ठा होकर उनके खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया और काले झंडे दिखाए।




0 Comments