Asansol के 29 नंबर वार्ड में BJP पार्षद गौरव गुप्ता के नेतृत्व में रक्तदान शिविर, 50 से अधिक लोगों ने किया रक्तदान

आसनसोल (राम बाबू यादव) :- पवित्र हूल दिवस के अवसर पर मंगलवार को आसनसोल नगर निगम के 29 नंबर वार्ड भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं की तरफ से एक भव्य रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर 29 नंबर वार्ड के पार्षद गौरव गुप्ता के नेतृत्व में संपन्न हुआ। इस मानवीय कार्य में सहयोग करने के लिए समाज के विभिन्न वर्गों से लोग आगे आए और लगभग 50 से ज्यादा रक्तदाताओं ने स्वेच्छा से रक्तदान किया।

इस विशेष अवसर पर क्षेत्र के कई वरिष्ठ राजनीतिक नेता और विशिष्ट गणमान्य जन उपस्थित रहे। शिविर में मुख्य रूप से पांडवेश्वर के विधायक जितेंद्र तिवारी, आसनसोल उत्तर के विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी, जिला भाजपा अध्यक्ष देवतनु भट्टाचार्य और आसनसोल नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष चैताली तिवारी ने शिरकत की। राजनीतिक नेतृत्व के साथ-साथ विशिष्ट उद्योगपति व शिक्षाविद एच एन मिश्र, रक्तदान आंदोलन के अग्रणी प्रवीर धर और आसनसोल जिला ब्लड बैंक के प्रभारी डॉ संजीत चटर्जी भी उपस्थित थे। कार्यक्रम के दौरान दोनों विधायकों और नेता प्रतिपक्ष चैताली तिवारी को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इसके बाद अतिथियों ने सभी रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र सौंपकर उनके इस सराहनीय योगदान के लिए हौसला अफजाई की।


सभी विशिष्ट अतिथियों ने पार्षद गौरव गुप्ता और 29 नंबर वार्ड के भाजपा कार्यकर्ताओं के इस प्रयास की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि अक्सर गर्मी के मौसम में ब्लड बैंकों में रक्त की भारी कमी हो जाती है, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। ऐसे कठिन समय में इस तरह के रक्तदान शिविर का आयोजन समाज के लिए बेहद कल्याणकारी और जीवनरक्षक साबित होता है। अतिथियों ने उम्मीद जताई कि गौरव गुप्ता और उनकी पूरी टीम आने वाले समय में भी इसी तरह सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर अपनी भूमिका निभाती रहेगी।

Post a Comment

0 Comments