जामुड़िया (राम बाबू यादव) :- जामुड़िया विधानसभा क्षेत्र के पूर्व तृणमूल कांग्रेस विधायक हरेराम सिंह के पुत्र प्रेमपाल सिंह पर पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। पश्चिम बंगाल में हुए सत्ता परिवर्तन और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की नई सरकार के गठन के बाद से ही प्रेमपाल सिंह लगातार फरार चल रहे हैं। इसी क्रम में बुधवार को जामुड़िया थाने की पुलिस ने बहुल इलाके में स्थित प्रेमपाल सिंह के निजी कार्यालय पर अचानक छापेमारी की।
जामुड़िया थाना प्रभारी सोमेंद्र नाथ सिंह ठाकुर के नेतृत्व में भारी संख्या में पुलिस बल के साथ पहुंची टीम ने कार्यालय के चप्पे-चप्पे की सघन तलाशी ली। हालांकि, पुलिस प्रशासन की ओर से अभी तक इस बात का खुलासा नहीं किया गया है कि यह छापेमारी किस विशेष मामले के सिलसिले में की गई है और तलाशी के दौरान वहां से क्या-क्या दस्तावेज या सामग्रियां बरामद हुई हैं।
उल्लेखनीय है कि तृणमूल कांग्रेस के नेता प्रेमपाल सिंह हमेशा से ही अपनी बेहद आलीशान जीवनशैली (लग्जरी लाइफ) और विभिन्न विवादों को लेकर सुर्खियों में बने रहे हैं। जब उनके पिता हरेराम सिंह जामुड़िया के विधायक थे और राज्य में तृणमूल कांग्रेस की सरकार थी, तब प्रेमपाल सिंह का क्षेत्र में भारी रसूख था। वे अक्सर महंगी लग्जरी गाड़ियों के काफिले और सुरक्षाकर्मियों (बॉडीगार्ड) के साथ घूमा करते थे। लेकिन राज्य में सत्ता की कमान बदलते ही समीकरण पूरी तरह बदल चुके हैं और रसूखदार रहने वाले प्रेमपाल सिंह का अब कहीं कोई अता-पता नहीं चल रहा है। पुलिस मामले की गहनता से तफ्तीश कर रही है।





0 Comments