Asansol में पिकअप वैन की चपेट में आए 2 डिलीवरी बॉय, आक्रोशित भीड़ ने किया जीटी रोड जाम

आसनसोल :- आसनसोल के जीटी रोड पर कुमारपुर ब्रिज के पास गोपालपुर इलाके में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। इस हादसे में एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है। मृतक युवक की पहचान कुणाल उर्फ सुमन कुमार सिंह (22) के रूप में हुई है। घायल युवक आदित्य साव (23) आसनसोल जिला अस्पताल में भर्ती है। दोनों आसनसोल के हीरापुर थाना अंतर्गत बर्नपुर के ध्रुबडांगा के रहने वाले थे। ये दोनों युवक एक प्रसिद्ध बहुराष्ट्रीय कंपनी (मल्टीनेशनल कंपनी) में डिलीवरी बॉय के रूप में काम करते थे। इस घटना के तुरंत बाद इलाके में भारी तनाव फैल गया। खबर मिलते ही दोनों युवकों के परिवार के सदस्य और स्थानीय निवासी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने मृतक और घायल युवक के परिवारों के लिए वित्तीय मुआवजे की मांग को लेकर जीटी रोड जाम कर प्रदर्शन करना शुरू कर दिया। इसके साथ ही, उन्होंने पुलिस की भूमिका पर भी सवाल उठाए। हालांकि घटनास्थल पर पहुंचे आसनसोलउत्तर विधानसभा क्षेत्र के विधायक कृष्णेन्दू मुखर्जी ने दुर्घटना में दोनों युवकों के मौत होने की बात कही है। उन्होंने कहा कि एक युवक की घटनास्थल पर मौत हो गई। जबकि दूसरे युवक ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। 


खबर फैलते ही स्थानीय लोगों में शोक और गहरा आक्रोश व्याप्त हो गया। भड़की उग्र भीड़ ने भागने का प्रयास कर रही पिकअप वैन को घेर लिया और उसमें जमकर तोड़फोड़ की। इसके बाद आरोपी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शनकारियों ने जीटी रोड पर जाम लगा दिया, जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया। 


घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद आक्रोशित भीड़ को समझाया और सड़क से जाम हटाकर स्थिति को नियंत्रित किया। इस दुखद हादसे की खबर पाकर आसनसोल उत्तर के भाजपा विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे, जहाँ उन्होंने स्थिति का जायजा लेते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Post a Comment

0 Comments