Asansol में आभूषण दुकान की दीवार तोड़कर चोरी, शातिर चोर CCTV का रिकॉर्डर भी ले उड़े

आसनसोल :- आसनसोल के कालीपहाड़ी बाजार इलाके में एक आभूषण (गहनों) की दुकान में चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। शातिर अपराधियों ने दुकान की दीवार तोड़कर करीब 100 ग्राम सोना, 1 किलो चांदी और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। इस घटना के बाद से इलाके के व्यापारियों और स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता का माहौल है।

दुकान के मालिक दिवाकर चौधरी ने बताया कि रोज की तरह जब वे सुबह अपनी दुकान खोलने पहुंचे, तो सामने से सब कुछ सामान्य दिख रहा था। लेकिन जैसे ही उन्होंने मुख्य शटर खोलकर दुकान के भीतर कदम रखा, उनके होश उड़ गए। दुकान के अंदर का नजारा देखकर उन्हें समझ आ गया कि वहां बड़ी चोरी हो चुकी है। चोरों ने दुकान के पिछले हिस्से में आभूषणों वाली अलमारी के ठीक बगल की दीवार को तोड़कर अंदर प्रवेश किया था।


दिवाकर चौधरी के मुताबिक, अपराधी उनकी दुकान से लगभग 100 ग्राम सोना, 1 किलो चांदी के जेवर और गल्ले में रखे 10,000 रुपये नकद लेकर फरार हो गए हैं। चोरी गए आभूषणों की कीमत लाखों में बताई जा रही है। अपराधी कितने शातिर थे, इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि पकड़े जाने के डर से उन्होंने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों को पूरी तरह तहस-नहस कर दिया और अपने साथ सीसीटीवी का रिकॉर्डर (डीवीआर) भी निकाल ले गए, ताकि पुलिस को कोई फुटेज न मिल सके। घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दे दी गई है और पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।

Post a Comment

0 Comments