आसनसोल :- जर्मनी के सुहल में आयोजित आईएसएसएफ (ISSF) जूनियर विश्व चैंपियनशिप में आसनसोल के होनहार निशानेबाज अभिनव साव ने देश का मान बढ़ाया है। अभिनव साव और उनकी जोड़ीदार शंभवी श्रवण क्षीरसागर ने 10 मीटर एयर राइफल मिक्स्ड टीम इवेंट में न सिर्फ स्वर्ण पदक जीता, बल्कि एक नया जूनियर विश्व रिकॉर्ड भी अपने नाम किया। इस ऐतिहासिक सफलता के बाद आसनसोल लौटने पर अभिनव साव का जोरदार और भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान उन्हें बधाई देने के लिए बड़ी संख्या में उनके शुभचिंतक और समर्थक मौजूद रहे, जिन्होंने फूल-मालाओं और नारों के साथ उनका उत्साहवर्धन किया।
पांडवेश्वर विधानसभा क्षेत्र के विधायक जितेंद्र तिवारी ने भी अभिनव साव की इस शानदार उपलब्धि पर उन्हें विशेष रूप से बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि हमें अभिनव साव पर गर्व है जिन्होंने यह शानदार सफलता प्राप्त की है। वे इसी तरह से आसनसोल शहर और देश का मान सम्मान बढ़ाते रहे और भविष्य के लिए उन्हें शुभकामनाएं। अपनी इस ऐतिहासिक जीत पर खुशी जाहिर करते हुए अभिनव साव ने कहा कि जर्मनी में जूनियर वर्ल्ड चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतना उनके लिए बेहद गर्व की बात है, क्योंकि यह प्रतियोगिता बेहद कठिन थी। इसमें जर्मनी, फ्रांस, इटली समेत दुनिया भर के दिग्गज निशानेबाज शामिल हुए थे, जिनके बीच पोडियम पर शीर्ष स्थान हासिल करना वाकई बेहद खुशी देता है। अभिनव ने अपने इस बेहतरीन प्रदर्शन और सफलता का पूरा श्रेय अपने माता-पिता और अपने कोच को दिया। विधायक जितेंद्र तिवारी समेत अन्य गणमान्य लोगों ने उम्मीद जताई कि अभिनव की यह कामयाबी आने वाली पीढ़ी को बड़े सपने देखने के लिए प्रेरित करेगी और वे भविष्य में भी इसी तरह विश्व पटल पर भारत का नाम रोशन करते रहेंगे।




0 Comments