आसनसोल :- नौकरी दिलाने के नाम पर वित्तीय धोखाधड़ी और अकूत संपत्ति अर्जित करने के आरोपी आसनसोल के सालानपुर ब्लॉक के जीतपुर-उत्तररामपुर पंचायत के तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) उपप्रधान सुरजीत मोदक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बीते दिन स्थानीय डाबर मोड़ पर उग्र जनता ने उपप्रधान को घेर लिया था, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उन्हें भीड़ के आक्रोश से बचाया और रूपनारायणपुर पुलिस फाड़ी ले आई। दिनभर फाड़ी में रखने के बाद, लिखित शिकायतों के आधार पर देर रात उन्हें औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया गया और सोमवार को उन्हें आसनसोल अदालत में पेश किया गया।
स्थानीय भाजपा नेताओं और ग्रामीणों का आरोप है कि उपप्रधान पद पर रहते हुए सुरजीत मोदक ने पद का दुरुपयोग कर बड़े पैमाने पर अवैध संपत्ति बनाई है। उनके पास आलीशान मकान, ट्रैक्टर, महंगी गाड़ियां और कई बीघा सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा कराने के आरोप हैं। इसके अलावा, नौकरी के नाम पर क्षेत्र के कई बेरोजगारों से लाखों रुपये ठगने की शिकायतें भी सामने आई हैं। पीड़ितों का कहना है कि जब वे अपने पैसे वापस मांगने जाते थे, तो उन्हें डराया-धमकाया और पीटा जाता था। राज्य में हुए हालिया राजनीतिक बदलाव के बाद पीड़ित जनता का हौसला बढ़ा और उन्होंने उपप्रधान को घेरकर अपने पैसे वापस मांगने शुरू कर दिए, जिससे इलाके में तनाव फैल गया।
घटना के समय स्थिति बिगड़ती देख कुछ स्थानीय नेताओं ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने सुरक्षा घेरे में लेकर सुरजीत को भीड़ से निकाला। गिरफ्तारी की खबर सुनते ही कल्याणग्राम के ग्रामीणों में खुशी का माहौल देखा गया। आज जब पुलिस सुरजीत को अदालत ले जाने के लिए गाड़ी में बैठा रही थी, तब फाड़ी के बाहर जमा आक्रोशित महिलाओं और पुरुषों ने उनके खिलाफ जमकर नारेबाजी की। पुलिस अब सुरजीत मोदक को रिमांड पर लेकर बालू-पत्थर तस्करी और अन्य घोटालों में उनकी संलिप्तता की गहन जांच करने की तैयारी कर रही है।



0 Comments