आसनसोल :- आसनसोल के सालानपुर थाना क्षेत्र के देंदुआ-कल्याणेश्वरी औद्योगिक क्षेत्र में सोमवार को शाकंभरी ग्रुप की एलोक्वेंट स्टील प्राइवेट लिमिटेड के फर्नेस नंबर-2 में सुबह करीब 3:45 बजे एक भीषण विस्फोट हुआ। जोरदार धमाकों की आवाज से पूरा इलाका दहल उठा और नाइट शिफ्ट में काम कर रहे कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक के बाद एक कम से कम चार तेज धमाके हुए, जिससे फर्नेस से भारी गर्मी निकली और कारखाने की संपत्ति को भारी नुकसान पहुंचा। हालांकि, राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ।
इस घटना के बाद श्रमिक संगठनों और कर्मचारियों ने प्रबंधन पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी और लापरवाही का गंभीर आरोप लगाया है। उनका कहना है कि बार-बार चेतावनी के बावजूद संवेदनशील उपकरणों की मरम्मत नहीं कराई गई। श्रमिक नेता अमरनाथ महतो ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि केवल मुनाफे के लिए श्रमिकों की जान से खिलवाड़ किया जा रहा है और आधुनिक सुरक्षा व्यवस्था के बजाय पुराने उपायों पर निर्भरता रखी जा रही है। घटना के बाद से कारखाना प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, जबकि क्षेत्र के श्रमिकों में भारी रोष और तनाव व्याप्त है।



0 Comments