आसनसोल :- झारखंड से पश्चिम बंगाल के आसनसोल घूमने और दर्शन करने आए एक परिवार के साथ रविवार को चोरी की एक बड़ी घटना घट गई। ओल्ड स्टेशन इलाके में जीटी रोड के किनारे खड़ी एक कार का शीशा तोड़कर अज्ञात चोरों ने गाड़ी के अंदर रखा महिलाओं का पर्स चोरी कर लिया। घटना तनिष्क शोरूम के ठीक सामने घटित हुई।
जानकारी के अनुसार, झारखंड के चिरकुंडा से जसमीत नामक व्यक्ति अपने साले विकी साव और नेहा साव के साथ रविवार को आसनसोल आए थे। आसनसोल पहुंचने के बाद उन्होंने सबसे पहले एक स्थानीय मंदिर में पूजा-अर्चना की। इसके बाद, दोपहर के समय वे ओल्ड स्टेशन इलाके में जीटी रोड के किनारे तनिष्क शोरूम के सामने अपनी गाड़ी पार्क कर पास के ही एक होटल में भोजन करने चले गए।
पीड़ित जसमीत ने बताया कि जब वे लोग होटल से भोजन करके वापस लौटे, तो गाड़ी की हालत देखकर दंग रह गए। कार के पीछे के दरवाजे का कांच टूटा हुआ था और गाड़ी के भीतर रखा हुआ एक लेडीज पर्स गायब था। पर्स में करीब ₹5,000 की नकदी और कुछ जरूरी सामान थे। हम खाना खाकर लौटे ही थे कि देखा गाड़ी का शीशा चकनाचूर है और पर्स चोरी हो चुका है। घटना के तुरंत बाद पीड़ित परिवार द्वारा स्थानीय पुलिस को मामले की सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। फिलहाल, पुलिस घटनास्थल के आसपास और तनिष्क शोरूम के पास लगे सीसीटीवी (CCTV) फुटेज को खंगाल रही है ताकि चोरों का सुराग लगाया जा सके। दिनदहाड़े व्यस्त सड़क पर हुई इस चोरी से इलाके के वाहन चालकों और स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता है।




0 Comments