Asansol के बाराबनी पंचायत समिति के अध्यक्ष असित सिंह, उप-प्रधान विश्वजीत सिंह और अकबर आलम गिरफ्तार

आसनसोल :- आसनसोल दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के बाराबनी थाना पुलिस ने साल 2021 के विधानसभा चुनाव के बाद हुई हिंसा के मामले में एक बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने इस मामले में बाराबनी पंचायत समिति के अध्यक्ष और तृणमूल कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष असित सिंह, उनके भाई व पानुरिया ग्राम पंचायत के उप-प्रधान विश्वजीत सिंह और प्रभावशाली तृणमूल नेता अकबर आलम को गिरफ्तार किया है।



पुलिस सूत्रों के मुताबिक, असित सिंह और विश्वजीत सिंह को गुरुवार देर रात कुल्टी थाना क्षेत्र के डुबुरडीही चेकपोस्ट के पास से पकड़ा गया, जबकि अकबर आलम को झारखंड के जमशेदपुर से हिरासत में लेने के बाद गिरफ्तार किया गया। ये आरोपी चुनाव नतीजों के बाद से ही पुलिस को चकमा देकर छिपे हुए थे। अशांति की आशंका को देखते हुए आरोपियों को बाराबनी के बजाय हीरापुर थाने में रखा गया और शुक्रवार सुबह आसनसोल अदालत में पेश किया गया। पुलिस ने मामले की आगे की जांच के लिए अदालत से उनकी हिरासत मांगी है। कोर्ट ले जाते समय असित सिंह ने मीडिया के सवालों पर मुस्कुराते हुए सिर्फ इतना कहा कि सब कुछ साफ दिख रहा है।

इस गिरफ्तारी के बाद बाराबनी और आसपास के इलाकों में भाजपा कार्यकर्ताओं ने पटाखे फोड़कर खुशी का इजहार किया। भाजपा नेता अभिजीत रॉय ने पुलिस की इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा कि वे लंबे समय से इन आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग कर रहे थे। दूसरी ओर, इस पूरे मामले पर तृणमूल कांग्रेस या गिरफ्तार नेताओं के पक्ष से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

Post a Comment

0 Comments