बर्नपुर में ड्रेनेज सिस्टम का काम शुरू, मंत्री अग्निमित्रा पाल ने सफाई कर्मियों को किया सम्मानित

आसनसोल :- आसनसोल के बर्नपुर स्थित रहमतनगर और सुभाषपल्ली आदि इलाकों में शनिवार को जल निकासी व्यवस्था (ड्रेनेज सिस्टम) की मरम्मत का काम बड़े पैमाने पर शुरू किया गया। राज्य की शहरी विकास और नगर पालिका मामलों की मंत्री अग्निमित्रा पाल की अगुवाई में आयोजित इस कार्यक्रम में पश्चिम बर्दवान जिले के जिलाधिकारी (डीएम) एस. पोन्नाबलम समेत कई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।



इस अवसर पर मंत्री अग्निमित्रा पाल ने पिछली सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पूर्ववर्ती सरकार द्वारा जल निकासी व्यवस्था को लेकर कोई सार्थक कदम नहीं उठाया गया था, जिसके कारण आम जनता को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस महत्वपूर्ण कार्य की शुरुआत आज इस क्षेत्र से कर दी गई है और भविष्य में अन्य प्रभावित जगहों पर भी यह काम कराया जाएगा। इस परियोजना का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि आगामी बरसात के मौसम में शहर के किसी भी हिस्से में जलजमाव की समस्या न हो। कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने मंच से कई सफाई कर्मियों को नए कपड़े देकर सम्मानित भी किया। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारी समाज को स्वच्छ और सुचारू रखने में सबसे अहम भूमिका निभाते हैं, इसलिए उन्हें सम्मानित करके वह खुद गौरवान्वित महसूस कर रही हैं।

Post a Comment

0 Comments