रानीगंज :- राज्य के लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) एवं जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी (पीएचई) मंत्री और कुल्टी के विधायक डॉ. अजय पोद्दार रानीगंज शहर के एनएसबी रोड स्थित सुप्रसिद्ध श्री श्याम मंदिर पहुंचे। मंत्री पद की शपथ लेने के बाद डॉ. अजय पोद्दार का श्री श्याम बाबा के दरबार में यह पहला आगमन था। इस पावन अवसर पर उन्होंने अपनी पत्नी सरोज पोद्दार के साथ श्री श्याम बाबा के दरबार में हाजिरी लगाई, विधिवत पूजा-अर्चना की और चौखट पर मत्था टेककर पूरे राज्य में सुख, शांति तथा समृद्धि की कामना की।
मंदिर परिसर में पहुंचने पर श्री श्याम बाल मंडल चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से मंत्री और उनकी धर्मपत्नी का गर्मजोशी से भव्य स्वागत किया गया। इस उपलक्ष्य में मंदिर प्रांगण में एक विशेष स्वागत-समारोह का भी आयोजन हुआ। समारोह के दौरान क्षेत्र की विभिन्न अग्रणी सामाजिक और धार्मिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों का तांता लगा रहा। रानीगंज गौशाला, मारवाड़ी मित्र परिषद, लायंस क्लब ऑफ रानीगंज, फ्रेंड्स क्लब, मारवाड़ी महिला सम्मेलन, श्री सीताराम जी मंदिर कमेटी, मारवाड़ी युवा मंच, शक्तिधाम चैरिटेबल ट्रस्ट और गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी समेत कई संगठनों के प्रतिनिधियों ने मंत्री डॉ. अजय पोद्दार और श्रीमती सरोज पोद्दार को उत्तरीय ओढ़ाकर तथा फूलों का गुलदस्ता (बुके) भेंट कर सम्मानित किया। इस गरिमामयी कार्यक्रम में श्री श्याम बाल मंडल चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष विष्णु सराफ, सचिव पवन केजरीवाल, अरुण राजपुरिया, आनंद केडिया और विनोद बंसल सहित समाज के कई गणमान्य लोग व ट्रस्ट के सदस्य उपस्थित रहे।
मंत्री डॉ. अजय पोद्दार ने कहा कि कैबिनेट मंत्री का दायित्व संभालने के बाद बाबा श्याम के चरणों में यह उनकी पहली हाजिरी है, हालांकि एक विधायक के रूप में वे पहले भी निरंतर यहां आते रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि बाबा के दरबार में शीश नवाकर उन्होंने यही प्रार्थना की है कि पूरे बंगाल में अमन-चैन का माहौल रहे, राज्य निरंतर विकास के पथ पर अग्रसर हो और हर नागरिक का जीवन खुशहाली से भरा रहे।





0 Comments