आसनसोल :- आसनसोल-पुरुलिया रेलवे के दैनिक यात्रियों (डेली पैसेंजर्स) द्वारा रविवार को जिला पुस्तकालय में एक स्वैच्छिक रक्तदान शिविर और आसनसोल दक्षिण की विधायक व राज्य की मंत्री अग्निमित्रा पाल के सम्मान में एक विशेष समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में आसनसोल-पुरुलिया डेली पैसेंजर्स एसोसिएशन के सदस्यों के साथ मंत्री अग्निमित्रा पाल मुख्य रूप से उपस्थित रहीं। संगठन के सदस्यों ने उन्हें गुलदस्ता भेंट किया और मां दुर्गा की एक भव्य तस्वीर देकर सम्मानित किया।
समारोह को संबोधित करते हुए विधायक व मंत्री अग्निमित्रा पाल ने कहा कि रेल यात्रियों की विभिन्न समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए केंद्र सरकार पूरी तरह सक्रिय और गंभीर है। उन्होंने बताया कि कुछ समय पहले उन्हें दैनिक यात्रियों से कुछ जरूरी मांगें और अनुरोध मिले थे, जिन्हें उन्होंने तुरंत रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के समक्ष प्रमुखता से उठाया। अग्निमित्रा पाल ने रेल मंत्रालय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यात्रियों की उन समस्याओं को समय रहते दूर कर दिया गया है, जिससे अब सफर काफी सुगम हो गया है। इसके साथ ही उन्होंने रेल यात्रियों और स्थानीय जनता की सुविधा के लिए एक बड़ी घोषणा की। उन्होंने कहा कि जल्द ही आसनसोल दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के लिए एक विशेष हेल्पलाइन नंबर जारी किया जाएगा। इस नंबर पर क्षेत्र का कोई भी नागरिक या यात्री कॉल करके सीधे अपनी शिकायत या समस्या दर्ज करा सकेगा। उन्होंने जनता को पूर्ण आश्वासन दिया कि वह व्यक्तिगत रूप से उन समस्याओं की निगरानी करेंगी और उन्हें जल्द से जल्द दूर करने का हरसंभव प्रयास करेंगी।



0 Comments