कोलकाता :- मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी द्वारा विधानसभा में दी गई कड़ी चेतावनी के महज 24 घंटे के भीतर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मुर्शिदाबाद के नौदा से आम जनता विकास पार्टी (AJUP) के विधायक हुमायूं कबीर द्वारा आयोजित 'विवादास्पद' जनसभाओं के सिलसिले में पुलिस ने तीन मुख्य आयोजकों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों के नाम गुलाम मुस्तफा, मोहम्मद अमीनुल हक और अनीसुर रहमान हैं, जिन्हें सोमवार रात दो अलग-अलग अभियानों के दौरान दबोचा गया। इसके साथ ही पुलिस ने मामले में विधायक हुमायूं कबीर को भी पूछताछ के लिए तलब किया है।
विवाद की शुरुआत हाल ही में मुर्शिदाबाद के रेजीनगर और शक्तिपुर में आयोजित हुई जनसभाओं से हुई, जहां विधायक हुमायूं कबीर पर बेहद उकसाऊ और भड़काऊ भाषण देने का आरोप लगा था। इस मामले को लेकर रेजीनगर और शक्तिपुर थानों में दो अलग-अलग प्राथमिकियां (FIR) दर्ज की गई थीं। इसी के आधार पर मंगलवार को पुलिस की एक टीम शक्तिपुर स्थित विधायक के पैतृक गांव पहुंची और उन्हें हाजिरी का नोटिस थमा दिया। पुलिस ने विधायक को 3 जुलाई को शक्तिपुर थाने और 5 जुलाई को रेजीनगर थाने में जांच अधिकारी के सामने पेश होने का निर्देश दिया है, ताकि उनके इस विवादित बयान के पीछे के असली कारणों का पता लगाया जा सके।
विधायक के इस बयान की गूंज विधानसभा के मौजूदा सत्र में भी सुनाई दी थी। सोमवार को सदन में बोलते हुए मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने इस हरकत पर कड़ा रुख अपनाते हुए पुलिसिया कार्रवाई की साफ चेतावनी दी थी। हुमायूं कबीर पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा था कि जिन्होंने उन्हें आमंत्रित किया था, सबसे पहले उन्हें उठाया जाएगा और उसके बाद विधायक तक पहुंचा जाएगा। मुख्यमंत्री ने सख्त लहजे में कहा था कि बहुत हुआ, अब ऐसे लोगों को सबक सिखाने का समय आ गया है और यह सरकार कानून का राज स्थापित करके रहेगी। उन्होंने इसे विधायक का आखिरी ऐसा बयान बताते हुए उन्हें संयम बरतने की भी नसीहत दी थी।
मुख्यमंत्री की इस सख्त चेतावनी के बाद पुलिस तुरंत सक्रिय हो गई। रेजीनगर थाने में दर्ज मामले के तहत पुलिस ने गुलाम मुस्तफा और अमीनुल हक को गिरफ्तार किया। गुलाम मुस्तफा इस राजनीतिक दल के काशीपुर क्षेत्र के अध्यक्ष हैं, जिन्होंने मुख्य रूप से इस जनसभा के आयोजन के लिए पुलिस से अनुमति मांगी थी, जहां विधायक ने यह विवादित भाषण दिया। वहीं, शक्तिपुर थाना पुलिस ने बेलडांगा ब्लॉक के संयोजक अनीসুর रहमान को गिरफ्तार किया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, इन गिरफ्तारियों के बाद अब विधायक से होने वाली पूछताछ पर सबकी नजरें टिकी हुई हैं।



0 Comments