दुर्गापुर :- दुर्गापुर स्टील टाऊनशिप में 11 हजार वोल्ट की हाई-टेंशन लाइन पर काम करने के दौरान एक श्रमिक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक श्रमिक की पहचान उत्तम घोष के रूप में हुई है, जो दुर्गापुर के इस्पात पल्ली के रहने वाले थे।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार देर रात इस्पात नगरी के ए-जोन इलाके में खुदीराम मैदान के पास उत्तम घोष सेफ्टी बेल्ट बांधकर 11 हजार वोल्ट की हाई-टेंशन लाइन पर काम कर रहे थे। उस समय नीचे दो स्थायी श्रमिक और एक चालक भी मौजूद थे। काम के दौरान हुए हादसे के कारण वह लाइन के ऊपर ही लटक गए। बाद में जब इस बात पर ध्यान गया, तो तुरंत दमकल विभाग को सूचित किया गया। दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर श्रमिक को नीचे उतारा और आनन-फानन में दुर्गापुर अनुमंडल अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इस घटना के बाद मंगलवार सुबह से ही मृतक श्रमिक के परिजनों, सहकर्मियों और श्रमिक संगठन के सदस्यों ने दुर्गापुर डीएसपी अस्पताल के सामने इकट्ठा होकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। आंदोलनकारियों की मांग है कि मृतक श्रमिक के परिवार के एक सदस्य को स्थायी नौकरी दी जाए और इसके साथ ही उचित आर्थिक मुआवजा भी प्रदान किया जाए।



0 Comments