सत्ता बदली तो बिखर गया 'साम्राज्य', कमर में रस्सी बांधकर TMC नेता असित सिंह और अकबर आलम की हाफ पैंट में हुई परेड



आसनसोल :- तृणमूल कांग्रेस सरकार के पिछले 15 वर्षों के कार्यकाल में बाराबनी विधानसभा क्षेत्र में एकछत्र राज करने वाले बाहुबली नेता असित सिंह और अकबर आलम का साम्राज्य राज्य में सत्ता परिवर्तन होते ही ढह गया है। साल 2021 के विधानसभा चुनाव के बाद हुई हिंसा के मामले में आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट की बाराबनी थाना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए बाराबनी पंचायत समिति के अध्यक्ष व टीएमसी ब्लॉक अध्यक्ष असित सिंह, उनके भाई विश्वजीत सिंह और प्रभावशाली नेता अकबर आलम को गिरफ्तार कर लिया। असित सिंह और उनके भाई को कुल्टी के डुबुरडीही चेकपोस्ट के पास से, जबकि अकबर आलम को झारखंड के जमशेदपुर से दबोचा गया।



गिरफ्तारी के बाद शनिवार को पुलिस ने भारी सुरक्षा के बीच असित सिंह और अकबर आलम की कमर में रस्सी बांधकर हाफ पैंट में पूरे इलाके में परेड कराई। इस दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल और केंद्रीय अर्धसैनिक बल के जवानों को तैनात किया गया था। अपने पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष को इस हालत में देख लोगों का हुजूम सड़कों पर उमड़ पड़ा। आक्रोशित भीड़ ने उन्हें देखते ही 'चोर-चोर' के नारे लगाने शुरू कर दिए और कुछ लोग उन पर हमला करने को उतारू दिखे, लेकिन सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें सुरक्षित निकाला। वहीं दूसरी तरफ, भाजपा कार्यकर्ताओं ने पटाखे फोड़कर इस कार्रवाई का जश्न मनाया। कभी पूर्व विधायक विधान उपाध्याय के बेहद करीबी रहे असित सिंह की इस दुर्दशा से पूरे बाराबनी क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है।

Post a Comment

0 Comments