पाण्डेश्वर (राम बाबू यादव) :- महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता ही एक समृद्ध और आत्मनिर्भर समाज के निर्माण की असली बुनियाद है। इसी उद्देश्य को धरातल पर उतारते हुए बुधवार को दुर्गापुर-फरीदपुर ब्लॉक विकास अधिकारी (बीडीओ) कार्यालय में 'अन्नपूर्णा योजना' के तहत एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में पांडेश्वर विधानसभा क्षेत्र की लगभग 37 हजार माताओं और बहनों के बैंक खातों में सीधे डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से ₹3,000 की वित्तीय सहायता राशि भेजी गई। इस अवसर पर पांडेश्वर विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक जितेंद्र तिवारी विशेष रूप से उपस्थित रहे और उन्होंने अपने हाथों से इस प्रक्रिया की शुरुआत की।
इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए विधायक जितेंद्र तिवारी ने कहा कि मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के कुशल नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही जन कल्याण और नारी सशक्तिकरण की यह अनूठी पहल सराहनीय है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सीधे बैंक खातों में भेजी गई यह राशि पांडेश्वर और आसपास के हजारों गरीब परिवारों के जीवन में बड़ी राहत लेकर आएगी और उनके भविष्य में नई आशा की किरण जगाएगी। उल्लेखनीय है कि जहां एक तरफ बुधवार को कोलकाता के नेताजी इंडोर स्टेडियम में आयोजित मुख्य राज्य स्तरीय कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने रिमोट का बटन दबाकर प्रदेश की एक करोड़ से ज्यादा महिलाओं के खातों में पैसे ट्रांसफर किए, वहीं पांडेश्वर क्षेत्र के लाभार्थियों के लिए दुर्गापुर-फरीदपुर बीडीओ कार्यालय में इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया।



0 Comments