1.45 करोड़ लाभार्थियों को Annapurna Yojana की राशि का भुगतान शुरू, 17 लाख आवेदन खारिज

कोलकाता :- पश्चिम बंगाल सरकार ने सोमवार से 'अन्नपूर्णा योजना' के तहत मिलने वाली 3 हजार रुपये की राशि का भुगतान सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजना शुरू कर दिया है। नबान्न में आयोजित एक संयुक्त पत्रकार वार्ता के दौरान राज्य की स्वास्थ्य राज्य मंत्री सुमना सरकार, सूचना एवं संस्कृति राज्य मंत्री पूर्णिमा चक्रवर्ती तथा महिला एवं बाल कल्याण विभाग की सचिव मौमिता गोदारा ने योजना से जुड़े आंकड़ों की विस्तृत जानकारी दी। सरकार के अनुसार, 20 अगस्त तक कुल 1 करोड़ 45 लाख लाभार्थियों के खातों में 4,350 करोड़ रुपये की राशि स्थानांतरित कर दी जाएगी।

शुरुआती चरण में प्राप्त 1 करोड़ 62 लाख आवेदनों की जांच के बाद करीब 17 लाख आवेदनों को खारिज कर दिया गया है। मंत्रियों ने स्पष्ट किया कि अधिकांश आवेदन बैंक खातों से पहचान पत्र की सही लिंकिंग न होने के कारण रद्द हुए हैं, जबकि कुछ मामलों में सरकारी सेवा में होने या आयकरदाता होने के कारण पात्रता समाप्त हुई है। हालांकि, जिन आवेदकों के नाम सूची से हटा दिए गए हैं, उन्हें आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से पुनः आवेदन करने का अवसर मिलेगा। पोर्टल पर दर्ज होने वाले आवेदनों की जांच जिलाधिकारी स्तर पर की जाएगी और खामियां दूर होने पर उन्हें योजना में शामिल कर लिया जाएगा।

सरकार ने बताया कि 10 जुलाई तक प्राप्त शेष आवेदनों तथा जुलाई के अंत तक आए नए फार्मों के सत्यापन की प्रक्रिया जारी है, जिसे 30 सितंबर तक पूरा कर लिया जाएगा। आधार और बैंक खातों के जुड़ाव संबंधी समस्याओं को हल करने के लिए प्रखंड विकास अधिकारियों (BDO) को विशेष शिविर लगाने के निर्देश दिए गए हैं। उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार के नियमानुसार, तय वार्षिक आय सीमा और शहरी क्षेत्रों में निर्धारित भूमि स्वामित्व के मापदंडों को पूरा करने वाले पात्र परिवारों को ही इस योजना का लाभ दिया जा रहा है।

Post a Comment

0 Comments