खाद की कालाबाजारी पर कृषि मंत्री ने दुकान में मारा छापा, पकड़ा गया दुकानदार

कोलकाता :- किसानों से खाद के नाम पर अधिक कीमत वसूलने की शिकायत मिलने पर राज्य के कृषि मंत्री दुधकुमार मंडल ने त्वरित कार्रवाई की है। उन्होंने पांशकुड़ा स्टेशन रोड स्थित 'एग्रो सर्विस सेंटर एंड फर्टिलाइजर-डिवीजन' नामक खाद की दुकान पर अचानक छापा मारा। इस दौरान एमआरपी से अधिक दाम पर खाद बेचे जाने की धांधली रंगे हाथों पकड़ी गई। बताया जा रहा है कि यह दुकान तृणमूल कांग्रेस के एक पूर्व पार्षद के परिवार के सदस्य रियाज खान की है।


यह पूरा मामला तब सामने आया जब एक स्थानीय किसान ने शिकायत की कि उससे पोटाश, डीएपी, 10:26:26, 14:28:0 और एसएसपी जैसी खाद की बोरियां तय अधिकतम खुदरा मूल्य (एमआरपी) से काफी अधिक दाम पर बेची जा रही थीं। इसके अलावा खरीद के बाद कोई पक्का बिल देने के बजाय एक हाथ से लिखा हुआ पर्चा थमा दिया गया था, जिससे किसान को गड़बड़ी का संदेह हुआ। शिकायत मिलते ही कृषि मंत्री दुधकुमार मंडल, कृषि विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों, पांशकुड़ा ब्लॉक के कृषि अधिकारी और स्थानीय पुलिस टीम के साथ खुद दुकान पर पहुंचे और मामले की जांच की। सूत्रों के अनुसार, पूछताछ के दौरान दुकान के मालिक ने किसान से तय कीमत से ज्यादा पैसे वसूलने की बात स्वीकार कर ली। इसके बाद मंत्री की मौजूदगी में किसान को उसके अतिरिक्त लिए गए पैसे तुरंत वापस करवाए गए।

मौके पर मौजूद कृषि मंत्री दुधकुमार मंडल ने सख्त लहजे में कहा कि उनकी सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ 'जीरो टॉलरेंस' नीति पर काम करती है और किसानों के हितों के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ या कालाबाजारी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Post a Comment

0 Comments