दुर्गापुर :- पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार के आने के बाद से राज्य में औद्योगिक विकास को नई गति देने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसी उद्देश्य से मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के निर्देशों पर दुर्गापुर में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। गुरुवार को पश्चिम बर्धमान के उद्योगपतियों, उद्यमियों और नए व्यवसायियों के साथ दुर्गापुर के सिटी सेंटर स्थित एक निजी होटल में यह बैठक हुई, जिसकी अध्यक्षता राज्य के उद्योग मंत्री तापस रॉय और लोक निर्माण मंत्री (PWD Minister) अजय पोद्दार ने की। इस अवसर पर उद्योग राज्य मंत्री मौमिता मिश्रा, दुर्गापुर पूर्व के विधायक चंद्रशेखर बनर्जी और दुर्गापुर की SDO अंकिता अग्रवाल भी मौजूद थीं।
बैठक के दौरान आसनसोल और आसपास के क्षेत्रों में बंद पड़े सार्वजनिक और निजी कारखानों को पुनर्जीवित करने पर विस्तृत चर्चा हुई। उद्योग मंत्री तापस रॉय ने कहा कि मुख्यमंत्री ने दुर्गापुर औद्योगिक क्षेत्र को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया है। नए उद्योगों की स्थापना के साथ-साथ लंबे समय से बंद पड़े कारखानों को दोबारा शुरू करने के लिए केंद्र सरकार के साथ लगातार बातचीत चल रही है। वहीं, लोक निर्माण मंत्री अजय पोद्दार ने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में पश्चिम बंगाल तेजी से प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है।
राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद से ही औद्योगिक स्थिति को सुधारने के लिए कई बड़े कदम उठाए गए हैं। हाल ही में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने श्याम स्टील के नए कारखाने का शिलान्यास किया है। इसके अलावा अमूल के नए संयंत्र का काम तेजी से आगे बढ़ रहा है और लक्स कोज़ी (Lux Cozi) के कारखाने का विस्तार किया गया है। सरकार का मुख्य लक्ष्य राज्य के हर जिले में नए उद्योग स्थापित कर युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा करना है।



0 Comments