कुल्टी :- कुल्टी के चौरंगी पुलिस फाड़ी अंतर्गत रामपुर एमवीआई चेकपोस्ट पर डंडा टैक्स के नाम पर लंबे समय से चल रहे अवैध वसूली के खेल में पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। मामले की परतें उधेड़ते हुए कुल्टी थाना पुलिस ने मंगलवार देर रात छापेमारी कर इलाके में 'मामा' के नाम से चर्चित होटल मालिक अभिजीत घोष को गिरफ्तार कर लिया। बुधवार को आरोपी को आसनसोल जिला अदालत में पेश किया गया। पुलिस आरोपी की कस्टडी की मांग कर पूछताछ के जरिए इस पूरे सिंडिकेट और इससे जुड़े अन्य लोगों के बारे में अहम जानकारियां जुटाने की तैयारी में है।
यह मामला तब सुर्खियों में आया था जब ट्रक ड्राइवरों से जबरन वसूली के गंभीर आरोपों के चलते रामपुर चेकपोस्ट के दो एमवीआई इंस्पेक्टर, अरिंदम बनर्जी और नाजिमुल हक को निलंबित कर दिया गया था। भ्रष्टाचार निवारण ब्यूरो (एंटी करप्शन ब्यूरो) की जांच के बाद पुलिस ने दोनों निलंबित अधिकारियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। अधिकारियों की गिरफ्तारी के बाद अब वसूली के इस अवैध खेल में शामिल दलालों और बिचौलियों की धरपकड़ भी तेज कर दी गई है।
जांचकर्ताओं की नजर अब केवल कुछ व्यक्तियों तक सीमित न रहकर इस पूरे आपराधिक नेटवर्क के ताने-बाने को बेनकाब करने पर है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि चेकपोस्ट पर चल रहे इस अवैध कारोबार के पीछे मुख्य साजिशकर्ता कौन थे और किसके संरक्षण में यह पूरा सिंडिकेट फल-फूल रहा था। फिलहाल गिरफ्तार किए गए होटल मालिक और अन्य आरोपियों पर लगे आरोपों की जांच जारी है, लेकिन लगातार हो रही गिरफ्तारियों से यह स्पष्ट हो गया है कि प्रशासन इस मामले को बेहद गंभीरता से ले रहा है।


0 Comments