दुर्गापुर :- दुर्गापुर के न्यू टाउनशिप थाना क्षेत्र के एमएएमसी टी-वन इलाके में एक तृणमूल कांग्रेस (TMC) नेता द्वारा कब्जा किए गए आवास को खाली कराने को लेकर विवाद गहरा गया है। आरोप है कि टीएमसी शासन के दौरान बच्चन सिंह नामक व्यक्ति के निधन के बाद तृणमूल पार्षद के करीबी हीरक राय उर्फ गेंडा ने उनके सरकारी आवास पर जबरन कब्जा कर लिया था। मृतक के परिजनों का कहना है कि उन्होंने कई बार अपना मकान वापस मांगा और प्रशासन से शिकायत भी की, लेकिन हर बार उन्हें धमकियाँ दी गईं और कोई कार्रवाई नहीं हुई।
मृतक के बेटे दारा सिंह ने दुर्गापुर पूर्व के बीजेपी विधायक चंद्रशेखर बनर्जी से मदद माँगी, जिसके बाद शुक्रवार सुबह बीजेपी कार्यकर्ताओं के साथ वे उक्त आवास के बाहर पहुँचे। बीजेपी नेताओं ने एक अनोखा तरीका अपनाते हुए घर के बाहर प्रतीकात्मक रूप से गुलाब का फूल और मिठाई रखकर सात दिनों के भीतर मकान खाली करने का अल्टीमेटम दिया। इसके साथ ही जिला बीजेपी ओबीसी मोर्चा के महासचिव स्वाधीन राय ने चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय में कब्जा नहीं हटाया गया, तो आरोपी के खिलाफ 'डिम थेरेपी' (अंडा थेरेपी) अपनाई जाएगी।
बढ़ते तनाव के बीच आरोपी हीरक राय मौके से चले गए। हालांकि, उन्होंने अपने बचाव में सफाई देते हुए कहा कि उन्होंने यह आवास पराग विश्वास नामक व्यक्ति से लिया था और यदि पीड़ित परिवार इसके वैध कागजात दिखाता है, तो वह तुरंत मकान खाली कर देंगे।



0 Comments