Durgapur में BJP के संकल्प पत्र के लिए 'सजेशन बॉक्स' लॉन्च, TMC का कटाक्ष

दुर्गापुर :- पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 की तैयारियों को धार देते हुए भारतीय जनता पार्टी ने जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में दुर्गापुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक लक्ष्मण घोरुई ने पार्टी के ट्रंक रोड स्थित कार्यालय में 'सजेशन बॉक्स' (सुझाव पेटी) का उद्घाटन किया। एक पत्रकार वार्ता के दौरान आयोजित इस कार्यक्रम में विधायक के साथ जिला सचिव अभिजीत दत्त, प्रवक्ता सुमंत मंडल और बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। विधायक लक्ष्मण घोरुई ने बताया कि पूरे राज्य में ऐसे 1000 बॉक्स लगाए जा रहे हैं, जिनके माध्यम से आम जनता भाजपा से अपनी उम्मीदें और सुझाव साझा कर सकेगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि लोग केवल बॉक्स ही नहीं, बल्कि मोबाइल नंबर और ईमेल के जरिए भी अपनी बात और शिकायतें दर्ज करा सकते हैं। विधायक ने दावा किया कि 2026 के विधानसभा चुनाव में भाजपा जनता की इन्हीं आकांक्षाओं को पूरा करने के संकल्प के साथ जीत हासिल करेगी।


दूसरी ओर, तृणमूल कांग्रेस ने भाजपा की इस पहल पर कड़ा प्रहार किया है। टीएमसी के जिला अध्यक्ष नरेंद्रनाथ चक्रवर्ती ने इसे भाजपा का 'नाटक' करार देते हुए कहा कि राज्य की जनता सब समझती है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल सरकार लगातार जनमुखी परियोजनाएं चला रही है, जिससे हताश होकर भाजपा इस तरह के हथकंडे अपना रही है। चक्रवर्ती ने जोर देकर कहा कि बंगाल में भाजपा के लिए कोई जगह नहीं है और जनता उन्हें फिर से नकार देगी।

Post a Comment

0 Comments