दुर्गापुर :- देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव की भावना को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से 9 से 17 अगस्त 2026 तक चलाए जा रहे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत दुर्गापुर स्टील प्लांट स्थित सीआईएसएफ यूनिट कैंपस के भिरिंगी ऑडिटोरियम हॉल में एक भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस विशेष कार्यक्रम की मुख्य थीम राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन रही। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने राष्ट्रप्रेम, एकता और देश के प्रति समर्पण से ओत-प्रोत मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। इसके बाद जब सभी ने एक स्वर में ‘वंदे मातरम्’ का पूर्ण गायन किया, तो पूरा ऑडिटोरियम परिसर देशप्रेम की अद्भुत ऊर्जा से गुंजायमान हो उठा।
समारोह में सीआईएसएफ डीएसपी यूनिट की डीआईजी रुचि आनंद सहित बल के कई वरिष्ठ अधिकारियों, जवानों और उनके परिवारजनों ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया। डीआईजी रुचि आनंद ने प्रस्तुति देने वाले प्रतिभागियों की प्रतिभा और जज्बे की भूरी-भूरी प्रशंसा की। उन्होंने सभी अधिकारियों व जवानों को निष्ठा, अनुशासन और समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का पालन करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही, आगामी स्वतंत्रता दिवस को पूरे हर्षोल्लास व राष्ट्रभक्ति के साथ मनाने का आह्वान करते हुए उन्होंने कहा कि देश की सेवा और सुरक्षा ही हर नागरिक का सच्चा गौरव है। सीआईएसएफ द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम ने उपस्थित सभी लोगों में राष्ट्रीय एकता और कर्तव्यबोध की भावना को और भी मजबूत किया।



0 Comments