बीरभूम :- बीरभूम जिले के प्रसिद्ध तीर्थस्थल तारापीठ के थाना क्षेत्र स्थित 'विदेशिनी' नामक एक पांच मंजिला होटल में सोमवार तड़के करीब 4:30 बजे अचानक भीषण आग लग गई। इस दर्दनाक हादसे में अब तक 7 श्रद्धालुओं की मौत हो चुकी है, जबकि कई अन्य घायल बताए जा रहे हैं। मृतक राज्य के विभिन्न जिलों से श्रावण मास के अंतिम सोमवार पर तारापीठ मंदिर में पूजा-अर्चना करने आए थे। दमकल विभाग के प्राथमिक अनुमान के अनुसार, आग शॉट सर्किट की वजह से इमारत की निचली मंजिल पर लगी, जिसने देखते ही देखते पहली और दूसरी मंजिल को अपनी चपेट में ले लिया। तड़के का समय होने के कारण अधिकांश श्रद्धालु, जिनमें बच्चे भी शामिल थे, सो रहे थे।
देखते ही देखते पूरी इमारत में घना धुआं फैल गया, जिससे लोगों में अफरा-तफरी मच गई और कई लोग कमरों के भीतर ही फंस गए। थाना पास में होने के कारण तारापीठ और रामपुरहाट थाने की पुलिस तथा दमकल की गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे के बाद पुलिस ने होटल के मालिक कल्याण पाल को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि होटल में अग्निशमन व्यवस्था नियमों के अनुकूल थी या नहीं। वहीं होटल में ठहरे यात्रियों ने आरोप लगाया है कि इमारत का पिछला दरवाजा बंद होने के कारण उन्हें बाहर निकलने में भारी मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस इस शिकायत की भी गहनता से जांच कर रही है। घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।



0 Comments