राज्य सरकार ने मनसा पूजा पर की आधी छुट्टी की घोषणा, बांकुड़ा और पुरुलिया में आधे दिन बंद रहेंगे स्कूल-दफ्तर

कोलकाता :- पश्चिम बंगाल सरकार ने मनसा पूजा के अवसर पर पहली बार हाफ-डे (आधे दिन) की छुट्टी की घोषणा की है। इस संबंध में राज्य सरकार की ओर से सोमवार को एक आधिकारिक अधिसूचना जारी की गई। अधिसूचना के अनुसार, मनसा पूजा के दिन बांकुड़ा और पुरुलिया जिलों के सभी सरकारी कार्यालयों और स्कूलों में दोपहर 2 बजे के बाद काम नहीं होगा। यह राज्य में पहला मौका है जब सरकार ने मनसा पूजा के लिए आधिकारिक रूप से छुट्टी का आदेश जारी किया है।

हिंदू पंचांग के अनुसार, श्रावण माह के शुक्ल पक्ष की पंचमी तिथि को नागपंचमी और मनसा पूजा का पर्व मनाया जाता है। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, महर्षि कश्यप की 'मनन क्रिया' से देवी मनसा का प्रादुर्भाव हुआ था, इसलिए उन्हें मनसा नाम मिला। इसके अलावा, प्रसिद्ध 'मनसामंगल काव्य' में चांद सौदागर, बेहुला और लखिंदर की पौराणिक कथा के माध्यम से देवी मनसा की महिमा का वर्णन मिलता है। राज्य के कई इलाकों में सोमवार को ही मनसा पूजा आयोजित की जा रही है, जबकि कुछ स्थानों पर मंगलवार को देवी मनसा की आराधना की जाएगी। क्षेत्रीय महत्व और जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए सरकार ने बांकुड़ा और पुरुलिया जिलों के निवासियों और कर्मचारियों को यह विशेष राहत दी है।

Post a Comment

0 Comments