CISF कमांडेंट अमरेंदु मन्ना को राष्ट्रपति पुलिस पदक, स्वतंत्रता दिवस पर मिला प्रतिष्ठित सम्मान

कोलकाता :- पश्चिम बंगाल के मिदनापुर निवासी और केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के कमांडेंट अमरेंदु मन्ना को स्वतंत्रता दिवस 2026 के अवसर पर सराहनीय सेवा के लिए प्रतिष्ठित 'राष्ट्रपति पुलिस पदक' से सम्मानित किया गया है। श्री चित्तरंजन मन्ना और श्रीमती मालती मन्ना के पुत्र अमरेंदु मन्ना की इस उपलब्धि से न केवल उनके परिवार और बल, बल्कि पूरे पश्चिम बंगाल राज्य का नाम रोशन हुआ है। CISF डीआईजी और कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के मुख्य विमानपत्तन सुरक्षा अधिकारी (CASO) एलके हाओकिप ने सीआईएसएफ कमांडेंट अमरेंद्र मन्ना को राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित किए जाने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। 

वर्ष 1976 में जन्मे अमरेंदु मन्ना ने विद्यासागर विश्वविद्यालय के के.डी. कॉलेज से वाणिज्य में स्नातक की डिग्री प्राप्त की है। वह वर्ष 2002 में उप-निरीक्षक (सब-इंस्पेक्टर) के रूप में सीआईएसएफ में शामिल हुए थे। इसके बाद वर्ष 2008 में उन्होंने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC-CAPF LDCE) की परीक्षा उत्तीर्ण की और पदोन्नत होकर लगातार सफलता के नए आयाम तय किए।

अपने 22 वर्षों से अधिक के विशिष्ट सेवाकाल के दौरान उन्होंने नागालैंड जैसे अत्यधिक उग्रवाद प्रभावित क्षेत्रों, कोलकाता हवाई अड्डे और औरंगाबाद हवाई अड्डे पर मुख्य हवाई अड्डा सुरक्षा अधिकारी (CASO) के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं। उन्होंने मुंबई में नागरिक उड्डयन सुरक्षा ब्यूरो (BCAS) में सहायक आयुक्त के रूप में प्रतिनियुक्ति पर भी सेवाएं दी हैं। इसके अलावा उन्होंने सिंगापुर और जेनेवा में विमानन सुरक्षा का विशेष प्रशिक्षण भी प्राप्त किया है। वर्तमान में वर्ष 2025 से बेंगलुरु स्थित एयरपोर्ट सेक्टर मुख्यालय में सहायक महानिरीक्षक (AIG) के पद पर कार्यरत अमरेंदु मन्ना सीआईएसएफ के 'विमानन सुरक्षा विशेषज्ञ' के रूप में जाने जाते हैं।

Post a Comment

0 Comments