11.40 लाख रेलवे कर्मचारियों को 78 दिन का पूजा बोनस, केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने की घोषणा

नई दिल्ली/कोलकाता :- केंद्र सरकार ने दिवाली से पहले केंद्रीय कर्मचारियों और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं को लेकर तीन बड़े फैसले लिए हैं। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कैबिनेट बैठक के बाद इसकी जानकारी दी। पहला फैसला रेलवे कर्मचारियों के लिए है। सरकार ने 11 लाख 40 हजार पात्र रेलवे कर्मचारियों को 78 दिन का प्रोडक्टिविटी लिंक्ड बोनस (PLB) देने का ऐलान किया है। इस पर करीब 2,009 करोड़ रुपये खर्च होंगे। मंत्री ने कहा कि रेलवे कर्मचारी दिन-रात काम करते हैं, त्योहार पर भी ट्रैक, इंजन और वर्कशॉप में ड्यूटी करते हैं, उनकी मेहनत को देखते हुए यह बोनस दिया जा रहा है।

दूसरा बड़ा बदलाव दिव्यांग पेंशन योजना में किया गया है। अब पेंशन के लिए दिव्यांगता की न्यूनतम सीमा 80% से घटाकर 40% कर दी गई है। यानी 40% दिव्यांगता वाले लोग भी पेंशन के हकदार होंगे। इसके साथ ही न्यूनतम उम्र की शर्त अब जन्म से लागू होगी। योजना के तहत 0 से 79 साल तक के लाभार्थियों को 375 रुपये और 80 साल या उससे अधिक उम्र वालों को 625 रुपये की सहायता मिलेगी। इससे जुड़े दिशा-निर्देश तीन महीने में जारी होंगे।

तीसरा फैसला राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम (NSAP) को लेकर है। कैबिनेट ने इसे 2026-27 से 2030-31 तक 5 साल और जारी रखने की मंजूरी दी है। इसके लिए 53,428 करोड़ रुपये का बजट तय किया गया है। इससे देश के 36 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के करीब 3.20 करोड़ लाभार्थियों को फायदा मिलेगा। योजना का नाम बदलकर अब प्रधानमंत्री सामाजिक सहायता योजना किया जाएगा, जिसके तहत सभी पेंशन योजनाओं के नाम में प्रधानमंत्री शब्द जोड़ा जाएगा।

Post a Comment

0 Comments