राज्य BJP में बड़ा सांगठनिक फेरबदल, मंत्री तापस राय, अग्निमित्रा पॉल, जगन्नाथ चटर्जी सांगठनिक दायित्व से हटे, अभिनेत्री अंजना बसु को महिला मोर्चा की कमान



कोलकाता :- पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी के राज्य नेतृत्व ने संगठन में बड़े पैमाने पर बदलाव करते हुए 'एक व्यक्ति एक पद' की नीति लागू किया है। इस नए सांगठनिक फेरबदल के तहत राज्य भाजपा समिति से कई मंत्रियों, विधायकों और प्रमुख चेहरों को उनकी संगठनात्मक जिम्मेदारियों से मुक्त कर दिया गया है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, जिन नेताओं के पास पहले से मंत्री पद या अन्य सरकारी जिम्मेदारियां हैं, उन्हें सांगठनिक पदों से हटाकर संगठन को नए सिरे से मजबूत करने की कवायद की गई है। इस बदलाव के तहत मंत्री तापस राय, अग्निमित्रा पॉल, जगन्नाथ चटर्जी और यादवपुर से विधायक शर्बरी मुखर्जी जैसे कई दिग्गजों को सांगठनिक दायित्व से मुक्त कर दिया गया है। इस बड़े फेरबदल में पार्टी के विभिन्न मोर्चों और जिला अध्यक्षों की कमान में भी व्यापक बदलाव किए गए हैं। 



जबकि कुल 9 जिला अध्यक्षों के साथ-साथ चार प्रमुख मोर्चों के नेतृत्व में नए चेहरों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। महिला मोर्चा की कमान फाल्गुनी पात्रा की जगह अब प्रसिद्ध अभिनेत्री व नेत्री अंजना बसु को सौंपी गई है। वहीं, युवा मोर्चा के अध्यक्ष पद से इंद्रनील खां की छुट्टी करते हुए आमता से विधायक अमित सामंत को नया युवा मोर्चा अध्यक्ष बनाया गया है। इसके अलावा, अन्य अग्रिम संगठनों में भी बड़ा फेरबदल करते हुए धनंजय घोष को ओबीसी मोर्चा तथा विश्वजीत विश्वास को एससी मोर्चा का नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। पार्टी नेतृत्व का मानना है कि इस कदम से संगठन में नए कार्यकर्ताओं को अवसर मिलेगा और राज्य में सांगठनिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।

Post a Comment

0 Comments