पश्चिम बर्दवान जिले में घाट से 1200 रुपये प्रति ट्रॉली तय हुई बालू की कीमत, DM ने की हाई लेबल मीटिंग

आसनसोल :- बालू की बढ़ती कीमतों से जहां निर्माण कार्य ठप हो रहे हैं, वहीं आम लोगों को महंगे दाम पर बालू खरीदना पड़ रहा है। इसे लेकर राज्य सरकार के निर्देश पर पश्चिम बर्दवान जिला प्रशासन ने बड़ी पहल की है। डीएम एस. पोंनाबलम की अध्यक्षता में हुई आपात बैठक में जिले के सभी विधायक, एडीएम, एसडीएम, बीडीओ और बीएलआरओ मौजूद रहे। बैठक में तय हुआ कि बालू की कीमतों को नियंत्रित करने और उपलब्धता बढ़ाने के लिए ट्रैक्टरों के रजिस्ट्रेशन में तेजी लाई जाएगी।

डीएम ने बताया कि जिले में 15 बालू घाट हैं, जिनमें से 12 पर्यावरणीय मंजूरी (Environmental Clearance) की प्रतीक्षा में हैं। इनके चालू होते ही आपूर्ति में बड़ी राहत मिलेगी। जहां घाट नहीं हैं, वहां नए घाट खोलने का प्रस्ताव राज्य सरकार को भेजा गया है। सभी घाटों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे और सरकारी योजनाओं में बालू को प्राथमिकता दी जाएगी। बैठक में यह भी स्पष्ट तौर पर कहा गया कि घाट से प्रति ट्रैक्टर बालू का दाम ₹1200 से ज्यादा ना हो। 


विधायक चंद्रशेखर बनर्जी ने कहा कि मुख्यमंत्री कार्यालय को शिकायत मिली थी कि बाजार में बालू ऊंचे दामों पर बेचा जा रहा है। तय हुआ है कि घाट से प्रति ट्रॉली बालू की कीमत ₹1200 से ज्यादा नहीं होगी, परिवहन खर्च अलग होगा। खनन की निगरानी के लिए प्रत्येक लीज पर एक सरकारी अधिकारी तैनात रहेगा और उसकी रोस्टर के आधार पर ड्यूटी बदली जाएगी। प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को भी इसी दर पर बालू देना अनिवार्य होगा। विधायक कृष्णेन्दु मुखर्जी ने कहा कि घाट मालिकों को स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि वे बोर्ड लगाकर आम लोगों को 1200 रुपये प्रति ट्रॉली की सरकारी दर की जानकारी दें।

Post a Comment

0 Comments