कोलकाता :- न्यूटाउन के सिटी सेंटर 2 से सटे माठपाड़ा इलाके की बस्ती में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कई घर देखते ही देखते जलकर खाक हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। सूत्रों के अनुसार, शुक्रवार शाम अचानक बस्ती में आग लग गई। सूचना मिलते ही दमकल की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाने की कोशिश जारी है। हालांकि अभी तक नुकसान का सही आकलन नहीं हो पाया है, लेकिन किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
प्रारंभिक तौर पर दमकल विभाग और स्थानीय लोगों का अनुमान है कि आग रसोई गैस सिलेंडर से लगी हो सकती है, हालांकि आग लगने के असली कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। सूचना मिलने पर इकोपार्क थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई है। घटना की जानकारी मिलते ही राजारहाट-न्यूटाउन के भाजपा विधायक पीयूष कानोरिया भी स्थिति का जायजा लेने मौके पर पहुंचे। विधायक पीयूष कानोरिया ने कहा कि यह बहुत ही दुखद घटना है। कई गरीब परिवारों का सब कुछ जल गया है। फिलहाल पुलिस और दमकल विभाग नुकसान का आकलन कर रहे हैं।


0 Comments