बिलबोर्ड मामले में शेक्सपियर सरणी थाने पहुंचे Abhishek Banerjee, पुलिस ने की पूछताछ

कोलकाता :- बिलबोर्ड विवाद मामले में डायमंड हार्बर के तृणमूल सांसद अभिषेक बनर्जी बुधवार शेक्सपियर सरणी थाने में पेश हुए। पुलिस ने उन्हें सोमवार को पूछताछ के लिए बुलाया था, लेकिन वे हाजिर नहीं हुए थे। सूत्रों के अनुसार उन्होंने ईमेल कर 48 घंटे का समय मांगा था, जिसके बाद पुलिस ने उनके घर जाकर बुधवार को हाजिर होने का नोटिस दिया।

गौरतलब है कि गत 27 अगस्त को कैमेंक स्ट्रीट स्थित अभिषेक बनर्जी के कार्यालय से एक बिलबोर्ड हटाने को लेकर हंगामा हुआ था। आरोप है कि तृणमूल के नाम और जोड़ा फूल चिह्न वाला बिलबोर्ड अवैध रूप से लगाया गया था और सुरक्षा के लिए खतरनाक था। इसे हटाने गई पुलिस और कोलकाता नगर निगम के अधिकारियों के साथ अभिषेक के समर्थकों की बहस और धक्का-मुक्की हुई थी। पुलिस ने जबरन इमारत की छत पर चढ़कर बिलबोर्ड हटा दिया था। बाद में वहां उसी नाम और चिह्न वाला बैनर लगा दिया गया। इस घटना में शेक्सपियर सरणी थाने में कुल तीन एफआईआर दर्ज हुई थीं। इस मामले में 1 सितंबर को भी अभिषेक को तलब किया गया था और वे पेश हुए थे। इसके बाद 7 अक्टूबर को पुलिस नोटिस देने गई तो घर से बताया गया कि नोटिस लेने वाला कोई नहीं है और अभिषेक शहर से बाहर हैं। वह इंडिया गठबंधन के विरोध कार्यक्रम में दिल्ली गए थे। शनिवार को कोलकाता लौटने के बाद रविवार को पुलिस ने फिर उनके कालीघाट स्थित आवास पर नोटिस दिया, जिसके बाद वे बुधवार को थाने पहुंचे।

Post a Comment

0 Comments