Asansol में BJP के नए जिला कार्यालय के भूमि पूजन, राष्ट्रीय महासचिव सुनील बंसल ने कहा-एक साथ 9 जिलों में पार्टी ऑफिस का भूमि पूजन

आसनसोल (राम बाबू यादव) :- BJP के आसनसोल सांगठनिक जिला के नए जिला कार्यालय के भूमि पूजन समारोह का आयोजन मंगलवार को किया गया। इस अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव और पश्चिम बंगाल प्रभारी सुनील बंसल मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उनके साथ जिले के अन्य विधायक और वरिष्ठ नेतृत्व भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

भूमि पूजन कार्यक्रम में भाजपा के जिला अध्यक्ष देवतनु भट्टाचार्य, आसनसोल उत्तर विधानसभा क्षेत्र के विधायक कृष्णेन्दू मुखर्जी, पांडेश्वर के विधायक जितेंद्र तिवारी, बाराबनी के विधायक अरिजीत राय, रानीगंज के विधायक पार्थ घोष समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि यह नया कार्यालय संगठनात्मक गतिविधियों और जनसंपर्क का एक महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा। नए कार्यालय से पार्टी की गतिविधियों को विस्तार मिलेगा और आम लोगों से संपर्क और अधिक मजबूत होगा।

इस मौके पर भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव सुनील बंसल ने कहा कि कई साल पहले जब अमित शाह राष्ट्रीय अध्यक्ष बने थे, तभी से देश भर के सभी जिलों में जिला कार्यालय बनाने का निर्णय लिया गया था और तभी से इसके लिए प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि मंगलवार को बंगाल के 9 जिलों में एक साथ भूमि पूजन कर इस अभियान की शुरुआत की गई है। बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव सुनील बंसल ने कहा कि भाजपा एक संगठन आधारित पार्टी है और जिला कार्यालय पार्टी के कार्यकर्ताओं के लिए केवल भवन नहीं बल्कि संस्कार केंद्र हैं। यहीं से संगठन की योजना बनती है और यहीं से सेवा कार्य का विस्तार होता है। उन्होंने विश्वास जताया कि आसनसोल का नया कार्यालय आने वाले समय में संगठन को नई ऊर्जा देगा।

Post a Comment

0 Comments