मुर्शिदाबाद :- समूचा पश्चिम बंगाल धीरे-धीरे दुर्गा पूजा के रंग में रंगने लगा है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के हाथों दुर्गा पूजा पंडालों के उद्घाटन का सिलसिला लगातार जारी है। गुरुवार को मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने मुर्शिदाबाद जिले में दुर्गा पूजा पंडालों का भव्य उद्घाटन किया। वे हवाई मार्ग से लालबाग के बुधासपाड़ा पहुंचे, जहां उन्होंने कैबिनेट मंत्री गौरीशंकर के सार्वजनिक दुर्गोत्सव पंडाल का उद्घाटन किया। इसके बाद मुख्यमंत्री बहरमपुर पहुंचे और जिले के सबसे प्रतिष्ठित बाबलबोना सार्वभौमिक दुर्गा पूजा समिति के पंडाल का उद्घाटन किया। आकर्षक पंडाल और अनूठी रोशनी से सजे इस पंडाल में महालया से ही भक्तों की भारी भीड़ उमड़ रही है। उद्घाटन के बाद पंडाल को आम लोगों के दर्शन के लिए खोल दिया गया है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने सीमावर्ती क्षेत्रों में महिला तस्करी सहित सभी प्रकार की तस्करी और नशे के अवैध कारोबार पर पूरी तरह रोक लगाने की अपील की। उन्होंने कहा कि इस दिशा में प्रभावी कदम उठाना जरूरी है। मुख्यमंत्री ने लालबाग शहर के विकास का जिक्र करते हुए अस्पतालों, स्कूलों और कॉलेजों के बुनियादी ढांचे में सुधार का आश्वासन दिया। उन्होंने कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन, बीएसएफ और मुर्शिदाबाद के जिलाधिकारी के कार्यों की सराहना की। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर बहरमपुर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।


0 Comments