कोलकाता :- दुर्गा पूजा से पहले बंगाल एसटीएफ को बड़ी कामयाबी मिली है। कोलकाता के बाहरी इलाके नदियाल में चल रही अवैध हथियार फैक्ट्री का एसटीएफ ने पर्दाफाश किया है। मंगलवार रात गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में कई देसी आग्नेयास्त्र और कारतूस बरामद किए गए हैं। हालांकि इस मामले में अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार नदियाल के आयूबनगर स्थित एक मकान में अवैध रूप से हथियार बनाने का काम चल रहा था। मकान का एक हिस्सा किराए पर लेकर एक व्यक्ति यह कारोबार चला रहा था। सूचना मिलने पर एसटीएफ की टीम ने रात में वहां छापा मारा। तलाशी के दौरान दो 7 एमएम आग्नेयास्त्र, 2 देसी पिस्तौल, विभिन्न कैलिबर के जिंदा और इस्तेमाल किए हुए कारतूस बरामद हुए। इसके अलावा हथियार बनाने के कई उपकरण भी मिले हैं। फैक्ट्री संचालक छापेमारी से पहले ही फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है। इस संबंध में नदियाल थाने में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। जांचकर्ताओं को शक है कि इस फैक्ट्री में बिहार के मुंगेर से उपकरण लाकर हथियार बनाए जा रहे थे, क्योंकि इससे पहले भी इस इलाके में इसी तरह की फैक्ट्रियों का पता चला है। पुलिस का मानना है कि इसके पीछे एक संगठित गिरोह काम कर रहा है और एसटीएफ उस नेटवर्क की तलाश में जुटी है।


0 Comments