Durgapur में टावर लगाने के नाम पर साइबर ठगी का पर्दाफाश, फर्जी कॉल सेंटर से 8 गिरफ्तार

 


दुर्गापुर :- टावर लगाने के नाम पर लोगों को मोटी रकम का लालच देकर साइबर ठगी करने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट की पुलिस ने दुर्गापुर के बेनाचिति इलाके में एक किराए के मकान में चल रहे फर्जी कॉल सेंटर पर छापा मारकर 3 युवतियों समेत 8 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, बिहार के एक संगठित गिरोह ने पश्चिम बंगाल के कई जिलों के युवक-युवतियों को साथ लेकर बेनाचिति में किराए के मकान में बाकायदा ऑफिस बना रखा था। बाहर से देखने पर यह एक सामान्य ऑफिस लगता था, लेकिन अंदर से देशभर के लोगों को फोन कर साइबर ठगी का जाल बिछाया जा रहा था। आरोपियों का तरीका यह था कि वे लोगों को फोन कर मोबाइल कंपनी का टावर लगाने के लिए जमीन या घर किराए पर देने का प्रस्ताव देते थे। 



टावर लगने के बदले हर महीने मोटा किराया और एडवांस रकम देने का लालच दिया जाता था। इस झांसे में आते ही लोगों से दस्तावेज और ओटीपी के जरिए लाखों रुपये ठग लिए जाते थे। छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से बड़ी संख्या में फर्जी आई कार्ड, सिम कार्ड, मोबाइल फोन, लैपटॉप, लैंडलाइन फोन, राउटर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान बरामद किया है। आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के डीसीपी (पूर्व) रासप्रीत सिंह ने बताया, हमें सूचना मिली थी कि यहां बैठकर ठगी का काम चल रहा है। हमारी विशेष टीम ने अभियान चलाकर उन्हें गिरफ्तार किया है। मामले में आगे की जांच जारी है।

Post a Comment

0 Comments