Durgapur में NH-19 पर अचानक सामने आ गई गाय, बाइक सवार गंभीर रूप से घायल

दुर्गापुर :- 19 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग पर मवेशियों के बेरोकटोक सड़क पर घूमने से एक और हादसा हो गया। पियाला काली मंदिर के पास आसनसोल जाने वाली लेन में सड़क पार कर रहे मवेशी से टकराकर एक बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की पहचान बिरुडीहा निवासी संजय साव के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार संजय साव काम खत्म कर बाइक से घर लौट रहे थे। तभी पियाला काली मंदिर के पास अचानक सड़क के बीच आ गए मवेशी से उनकी बाइक टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद स्थानीय राहगीरों ने मानवता दिखाते हुए उन्हें सड़क से उठाया और मदद के लिए आगे आए। तुरंत दुर्गापुर ट्रैफिक पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही ड्यूटी पर तैनात सिविक वॉलंटियर मौके पर पहुंचे और घायल को एंबुलेंस से दुर्गापुर महकमा अस्पताल भिजवाया।


गौरतलब है कि 19 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग जैसे व्यस्त और तेज रफ्तार वाले हाइवे पर मवेशियों का इस तरह खुलेआम घूमना कोई नई बात नहीं है। दिन में तो फिर भी दिखाई दे जाते हैं, लेकिन रात के अंधेरे में अचानक सामने आ जाने से बड़े हादसे का खतरा कई गुना बढ़ जाता है। इससे पहले भी कई बार मवेशियों की वजह से दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, फिर भी इस पर लगाम लगाने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि हाइवे पर मवेशियों के बेरोकटोक आवागमन को रोकने के लिए जल्द से जल्द प्रभावी कार्रवाई की जाए, ताकि इस तरह के हादसों को टाला जा सके।

Post a Comment

0 Comments