Howrah में CPIM के बुक स्टॉल में तोड़फोड़, BJP और CPIM कार्यकर्ताओं में झड़प


हावड़ा :- दुर्गापूजा के दौरान सीपीआईएम के तरफ से लगाए जाने वाले बुक स्टॉल को लेकर पश्चिम बंगाल की राजनीति गरमा गई हैं। बुक स्टॉल का मामला एक तरफ जहां कोलकाता हाई कोर्ट तक पहुंच चुका है। वहीं दूसरी तरफ राज्य के विभिन्न हिस्सों से बुक स्टॉल में तोड़फोड़ की घटनाएं सामने आ रही है। इस बीच, हावड़ा के शिवपुर बेताइतला इलाके में दुर्गा पूजा पंडाल के सामने लगे CPIM के बुक स्टॉल में तोड़फोड़ को लेकर तनाव फैल गया। आरोप है कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने स्टॉल में तोड़फोड़ की, जिसके बाद दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के बीच तीखी बहस और हाथापाई हो गई।



स्थानीय CPIM नेतृत्व का आरोप है कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने जानबूझकर उनके स्टॉल को तोड़ा है। दक्षिण-पूर्व हावड़ा एरिया कमेटी के सचिव असित घोष ने कहा कि हम 70 साल से यहां स्टॉल लगा रहे हैं। हावड़ा नगर निगम और पुलिस की अनुमति लेकर स्टॉल लगाया गया था। भाजपा के लोगों ने हमारा स्टॉल तोड़ दिया। सिर्फ हमारा ही नहीं, SUCI के बुक स्टॉल में भी तोड़फोड़ की गई है। अगर स्टॉल नहीं लगाने दिया गया तो कल हम यहां टेबल लगाकर बैठेंगे। हम इस घटना का तीव्र विरोध करते हैं। वहीं भाजपा का आरोप है कि CPIM के स्टॉल से हिंदुत्व विरोधी प्रचार किया जा रहा था। 40 नंबर वार्ड के भाजपा नेता बरुण कुमार साव ने कहा कि यहां CPIM के स्टॉल से लगातार हिंदुत्व विरोधी प्रचार हो रहा था, जिसे अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। 34 साल CPIM ने लोगों का खून चूसा है, अब कोई मस्तानी नहीं चलेगी।

गौरतलब है कि पूजा शुरू होने से पहले मुख्यमंत्री ने भी वाम दलों के बुक स्टॉल को लेकर चेतावनी दी थी कि दुर्गा पूजा नहीं लिखने पर स्टॉल नहीं लगाने दिया जाएगा। इस घटना के बाद इलाके में पुलिस तैनात कर दी गई है।

Post a Comment

0 Comments