हावड़ा :- कंधे पर बड़ा बैग लेकर हावड़ा रेलवे स्टेशन पर इधर-उधर घूम रहे युवक को RPF की CIB टीम ने पकड़ा तो बैग से निकला खजाना देख पुलिस के भी होश उड़ गए। बैग में थाली, कटोरी, दीये समेत करीब साढ़े 10 किलो चांदी के बर्तन सजे हुए थे, जिसकी बाजार कीमत 23 लाख 23 हजार 500 रुपये है। RPF के अनुसार 28 वर्षीय विवेक कुमार साव पुराने DRM ऑफिस के सामने घूम रहा था। वह रांची का रहने वाला है और हावड़ा-रांची क्रिया योगा एक्सप्रेस से झारखंड जाने वाला था। संदिग्ध हालत में घूमते देख RPF ने उसे रोका। पूछताछ में वह चांदी के सामान का कोई वैध कागज नहीं दिखा पाया। तलाशी में बैग से चांदी की थाली, कटोरी, मग, दीया, सजावट का सामान और बड़ी संख्या में सिक्के बरामद हुए। RPF ने पूरी चांदी जब्त कर युवक को हिरासत में ले लिया है और आगे की जांच के लिए आयकर विभाग को सौंप दिया है। इससे पहले भी हावड़ा स्टेशन पर नकदी, कारतूस और हथियार बरामद हो चुके हैं, लेकिन त्योहार के बीच इतनी बड़ी मात्रा में चांदी की बरामदगी से हड़कंप मच गया है।

0 Comments