Jamuria में दिव्यांग मैकेनिक के घर से लाखों की चोरी, इलाके में दहशत


जामुड़िया :- त्योहार के मौसम में सुनसान घर पाकर चोरों ने जामुड़िया के बीजपुर में मुख्य सड़क पर स्थित एक दिव्यांग गैरेज मैकेनिक के घर से लाखों की चोरी कर ली। करीब 50 ग्राम सोना, 100 ग्राम चांदी और 35 हजार रुपये नकद लूट कर फरार हो गए। पीड़ित गणेश गड़ाई झारखंड में अपनी पत्नी को ससुराल से लाने गए थे और रात वहीं रुक गए। शनिवार सुबह परिवार के साथ लौटने पर उनके होश उड़ गए। बाहर से मेन गेट का ताला ठीक था, लेकिन अंदर तीन दरवाजों के लॉक टूटे हुए थे और अलमारी का सामान बिखरा पड़ा था।

परिवार के मुताबिक बेटी की शादी के लिए जमा किए गए सोने-चांदी के जेवर और बच्चों की स्कूल फीस व लक्ष्मी पूजा के लिए रखे 35 हजार रुपये चोरी हो गए। चोरी का तरीका हैरान करने वाला है। बगल के कमरे में थैले में रखे खुले सिक्कों और ठाकुरघर के सामान को चोरों ने हाथ तक नहीं लगाया, जिससे आशंका है कि चोरों को पहले से पता था कि कीमती सामान कहां रखा है। घटना मुख्य सड़क पर होने से पुलिस गश्त पर सवाल उठ रहे हैं। जामुड़िया थाने की पुलिस ने मौके पर पहुंच कर सीसीटीवी खंगालना शुरू किया है।

Post a Comment

0 Comments