कोलकाता :- दुर्गापूजा को देखते हुए कोलकाता पुलिस के कमिश्नर अजय कुमार नंद समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने मंगलवार को पूजा गाइड मैप 2026, एनुअल ट्रैफिक रिव्यू बुलेटिन और स्टूडेंट आइडेंटिटी बैज का अनावरण किया। त्योहारी सीजन में शहर में सुगम यातायात और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की यह वार्षिक पहल है। इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पूजा गाइड मैप में शहर के बड़े पूजा पंडालों तक पहुंचने के रास्ते, वन-वे, नो-एंट्री और पार्किंग जोन की पूरी जानकारी दी गई है। आम लोगों को भीड़ से बचने और वैकल्पिक मार्ग अपनाने में इससे मदद मिलेगी। गूगल मैप के साथ लिंक कर इस गाइड को और अधिक उपयोगी बनाया गया है। एनुअल ट्रैफिक रिव्यू बुलेटिन में पिछले एक साल के दौरान ट्रैफिक प्रबंधन, दुर्घटना नियंत्रण, हेलमेट और सीट बेल्ट अभियान और स्मार्ट ट्रैफिक सिस्टम की प्रगति का लेखा-जोखा पेश किया गया है। बुलेटिन में बताया गया है कि किस तरह त्योहारी भीड़, राजनीतिक जुलूस और वीआईपी मूवमेंट के बीच संतुलन बनाकर शहर की यातायात व्यवस्था को संभाला गया।
पुलिस आयुक्त अजय कुमार नंद ने इस दौरान राजाबाजार सहित मध्य कोलकाता में राजनीतिक रैलियों और जुलूसों को लेकर कड़ा रुख भी स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि किसी भी रैली या प्रदर्शन के लिए लिखित अनुमति और रूट को लेकर पुलिस के साथ पूर्व चर्चा अनिवार्य है। बिना अनुमति या सिर्फ सोशल मीडिया पोस्ट के आधार पर बड़े प्रदर्शनों को अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने कहा कि त्योहारी सीजन में मुख्य मार्गों पर अचानक बड़े आयोजन से ट्रैफिक जाम और आम लोगों को परेशानी होती है। नागरिकों के अधिकार और व्यवस्था के बीच संतुलन बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है और नियमों के उल्लंघन पर प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।



0 Comments