आसनसोल :- Minister Malay Ghatak and Minister Javed Khan visited the flood affected areas of Asansol, meeting regarding compensation to the flood affected. आसनसोल के इतिहास में आई अब तक की सबसे भीषण बाढ़ में हुए नुकसान के बाद अब राज्य सरकार बाढ़ प्रभावित लोगों तक सहायता पहुंचाने में जुट गई है। शुक्रवार को राज्य के आपदा प्रबंधन विभाग के मंत्री जावेद खान तथा कानून और पीडब्ल्यूडी मंत्री मलय घटक ने सर्वप्रथम एडीडीए के गेस्ट हाउस में जिला प्रशासन के साथ बैठक की। इस बैठक में दोनों मंत्रियों ने आसनसोल समेत पश्चिम बर्दवान जिले में बाढ़ से हुए नुकसान को लेकर विस्तृत जानकारी ली। साथ ही बाढ़ प्रभावितों के लिए मुआवजे को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया। जिला प्रशासन के साथ बैठक करने के बाद मंत्री जावेद खान और मंत्री मलय घटक ने बाढ़ से सबसे ज्यादा प्रभावित रेलपार के विभिन्न इलाकों का दौरा किया। उन्होंने कुछ इलाके में जाकर बाढ़ से हुई तबाही का मंजर देखा और बाढ़ प्रभावित लोगों से मुलाकात कर बातचीत की। उन्होंने बाढ़ प्रभावित लोगों को राज्य सरकार के तरफ से हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया। दरअसल 2 दिनों की बारिश के बाद आसनसोल शिल्पांचल में जिस तरह की जल प्रलय की स्थिति देखी गई उससे हर कोई दहशत में आ गया। आलम यह था कि बाढ़ प्रभावित इलाकों में फंसे लोगों को निकालने के लिए डिजास्टर मैनेजमेंट और एनडीआरएफ के साथ सेना की मदद लेनी पड़ी।
कानून एवं पीडब्ल्यूडी मंत्री मलय घटक ने बताया कि यह आसनसोल के इतिहास में आई अब तक की सबसे भीषण बाढ़ थी। लगातार हुई बारिश तथा डीवीसी द्वारा मैथन और पंचेत डैम से अचानक भारी मात्रा में पानी छोड़ दिए जाने के कारण आसनसोल समेत पश्चिम बर्दवान जिले में बाढ़ की गंभीर स्थिति उत्पन्न हुई। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने खुद कई बार उनसे फोन कर आसनसोल समेत पश्चिम बर्दवान जिले में बाढ़ के हालात के बारे में जानकारी ली है और राज्य सरकार के तरफ से किए जा रहे बचाव एवं राहत कार्य की समीक्षा की है। मुख्यमंत्री ने बाढ़ प्रभावित लोगों की सभी प्रकार की सहायता करने का आश्वासन दिया है।
वहीं दूसरी तरफ राज्य के आपदा प्रबंधन विभाग के मंत्री जावेद खान ने कहा कि आसनसोल में बाढ़ से हुए नुकसान का आकलन लगाया जा रहा है। सभी इलाकों का निरीक्षण करने के बाद विस्तृत रिपोर्ट तैयार होगी। उसी रिपोर्ट के आधार पर मुआवजे की राशि का निर्धारण किया जाएगा। मुआवजा राशि बाढ़ प्रभावित लोगों के सीधे बैंक खाते में ट्रांसफर की जाएगी।
0 Comments