DSP डिप्लोमा इंजीनियर्स एसोसिएशन के चुनाव में बड़ा उलटफेर, दीपक पाठक अध्यक्ष और अनिल कुमार बने महासचिव

दुर्गापुर :- सेल के दुर्गापुर स्टील प्लांट (DSP) की प्रतिष्ठित 'डिप्लोमा इंजीनियर्स एसोसिएशन' को करीब 15 साल के लंबे इंतजार के बाद नई कार्यकारिणी कमेटी मिल गई है। लंबे समय से चुनाव न होने के कारण उपजे आतंरिक विवाद को समाप्त करने के लिए पूर्व अध्यक्ष मृत्युंजय घोष और पूर्व जनरल सेक्रेटरी नंद किशोर बैरागी ने अपने पदों से इस्तीफा दे दिया था, जिसके बाद पारदर्शी चुनावी प्रक्रिया संपन्न कराई गई। बुधवार को संपन्न हुए इस चुनाव में अनिल कुमार और गौरव शर्मा के गुट आमने-सामने थे, जिसमें अनिल कुमार के नेतृत्व वाले गुट ने एकतरफा जीत दर्ज करते हुए बाजी मार ली।

मतदान प्रक्रिया में कुल 140 सदस्यों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। वोटों की गिनती के बाद आए नतीजों ने सभी को चौंका दिया। जनरल सेक्रेटरी पद पर खड़े अनिल कुमार को 93 वोट मिले, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी गौरव शर्मा महज 33 वोटों पर सिमट गए। इस तरह अनिल कुमार ने 60 मतों के बड़े अंतर से ऐतिहासिक जीत दर्ज की। चुनाव नतीजे घोषित होते ही समर्थकों ने जश्न मनाया और नव निर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई दी।

नवनिर्वाचित कार्यकारिणी में दीपक पाठक को अध्यक्ष तथा बिट्टू कुमार को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उपाध्यक्ष पद पर शुभाशीष पारिका, सैकत सरकार, सूर्यकांत गराई और मोहम्मद इश्तियाक चुने गए हैं। वहीं मनीष शर्मा को असिस्टेंट जनरल सेक्रेटरी तथा रवि कुमार को सह-कोषाध्यक्ष का दायित्व मिला है।

अन्य महत्वपूर्ण पदों में विधि कृष्ण शंकर शर्मा को सचिव (प्रशासन) और पंकज कुमार को सह-सचिव (प्रशासन) बनाया गया है। भवानी शंकर मलिक सचिव (कल्याण एवं शिकायत) तथा बिरमानी कुमार सह-सचिव (कल्याण एवं शिकायत) बने हैं। इसके अलावा जितेंद्र नाथ सहाना को सचिव (समन्वय) और अक्षय कुमार दलाई को सह-सचिव (समन्वय) की जिम्मेदारी दी गई है। अणोज कुमार सचिव (जनसंपर्क) एवं रणविजय प्रताप सह-सचिव (जनसंपर्क) पद पर निर्वाचित हुए हैं, जबकि बिस्वादीप राउत को आंतरिक लेखा परीक्षक (इंटरनल ऑडिटर) चुना गया है। नवगठित कमेटी ने संगठन को मजबूत करने और इंजीनियरों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्धता जताई है।

Post a Comment

0 Comments