रानीगंज (राम बाबू यादव) :- पश्चिम बंगाल सरकार के उच्च शिक्षा विभाग ने राज्य के विभिन्न कॉलेजों में प्रशासनिक व्यवस्था को सुचारू रूप से चलाने के लिए बड़ा कदम उठाया है। उच्च शिक्षा विभाग की ओर से जारी आधिकारिक अधिसूचना के अनुसार, राज्य के कई प्रमुख कॉलेजों में गवर्निंग बॉडी के नए अध्यक्षों की नियुक्ति की गई है। 'वेस्ट बंगाल यूनिवर्सिटीज एंड कॉलेजेज (एडमिनिस्ट्रेशन एंड रेगुलेशन) एक्ट, 2017' के तहत मिले अधिकारों का प्रयोग करते हुए यह नए नामांकन किए गए हैं। उच्च शिक्षा विभाग द्वारा जारी सूची में पश्चिम बर्दवान जिले के प्रमुख कॉलेजों में स्थानीय विधायकों को गवर्निंग बॉडी का अध्यक्ष मनोनीत किया गया है।
आधिकारिक आदेश के तहत देशबंधु महाविद्यालय का दायित्व विधायक अरिजित रॉय को सौंपा गया है। दुर्गापुर वुमेन्स कॉलेज और माइकल मधुसूदन मेमोरियल कॉलेज की कमान दुर्गापुर पूर्व विधानसभा क्षेत्र के विधायक चंद्र शेखर बनर्जी को दी गई है। जामुड़िया के काजी नजरुल इस्लाम महाविद्यालय के अध्यक्ष पद पर विधायक डॉ. बिजन मुखर्जी को नियुक्त किया गया है। पांडवेश्वर कॉलेज के गवर्निंग बॉडी के अध्यक्ष के रूप में विधायक जितेंद्र तिवारी को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
आसनसोल गर्ल्स कॉलेज और बिधान चंद्र कॉलेज में विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी को गवर्निंग बॉडी अध्यक्ष मनोनीत किया गया है। बनवारीलाल भालोटिया (बीबी) कॉलेज के गवर्निंग बॉडी का दायित्व आसनसोल दक्षिण विधानसभा क्षेत्र की विधायक और मंत्री अग्निमित्रा पॉल को मिला है। खांद्रा कॉलेज, रानीगंज गर्ल्स कॉलेज और त्रिवेणी देबी भालोटिया कॉलेज में रानीगंज विधानसभा क्षेत्र के विधायक पार्थ घोष को गवर्निंग बॉडी के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी दी गई है। कुल्टी कॉलेज के अध्यक्ष के रूप में मंत्री व विधायक डॉ. अजय कुमार पोद्दार की नियुक्ति हुई है।
उच्च शिक्षा विभाग के आदेशानुसार, यह नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू हो गई हैं। नए अध्यक्षों के पदभार ग्रहण करते ही पूर्व में तैनात प्रशासकों (एडमिनिस्ट्रेटर्स) का कार्यकाल स्वतः समाप्त हो गया है। सरकार के इस फैसले से कॉलेजों के प्रशासनिक कार्यों और शैक्षणिक वातावरण में सुधार की उम्मीद जताई जा रही है।
.jpeg)


0 Comments