रानीगंज के श्री सत्यनारायण मंदिर में महा रुद्राभिषेक का भव्य आयोजन

रानीगंज :- रानीगंज के मारवाड़ी पट्टी स्थित श्री सत्यनारायण मंदिर में पवित्र सावन माह की दूसरी सोमवारी के शुभ अवसर पर महा रुद्राभिषेक का भव्य आयोजन किया गया। इस दौरान पंडितों द्वारा किए गए वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान शिव का दूध, जल और विभिन्न पवित्र सामग्रियों से पूरे विधि-विधान के साथ अभिषेक किया गया। इस धार्मिक अनुष्ठान में भगवान भोलेनाथ के दर्शन और पूजन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। खास बात यह है कि पवित्र सावन मास में पूरे महीने भर श्री सत्यनारायण मंदिर में प्रत्येक दिन रुद्राभिषेक होता है और प्रत्येक सोमवारी को महा रुद्राभिषेक का आयोजन किया जा रहा है। 


रुद्राभिषेक के आयोजन के संबंध में जानकारी देते हुए सज्जन बाजोरिया ने कहा कि सावन का महीना भगवान शिव को अत्यंत प्रिय है। इसी परंपरा को निभाते हुए श्री सत्यनारायण मंदिर में पूरे पवित्र सावन माह के दौरान रुद्राभिषेक होता है। जबकि सावन महीने की प्रतीक सोमवारी पर महा रुद्राभिषेक का आयोजन किया गया है। दूसरी सोमवारी पर आयोजित महा रुद्राभिषेक में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लेकर पुण्य लाभ कमाया। शास्त्रों के अनुसार सावन माह में रुद्राभिषेक करने का विशेष महत्व होता है। मान्यता है कि इस पावन महीने में भगवान शिव की आराधना और रुद्राभिषेक करने से भक्तों के सभी कष्ट, रोग और भय दूर होते हैं। साथ ही, भोलेनाथ अपने भक्तों की मनोकामनाएं पूरी कर उन्हें सुख, शांति और समृद्धि का आशीर्वाद प्रदान करते हैं।

Post a Comment

0 Comments