दुर्गापुर के मेनगेट इलाके में दर्जनों दुकानों पर फिर चला DSP का बुलडोजर

दर्जनों दुकानों पर फिर चला DSP का बुलडोजर



दुर्गापुर :- दुर्गापुर के मेनगेट इलाके में एक बार फिर दुकानों पर दुर्गापुर स्टील प्लांट अर्थात डीएसपी का बुलडोजर चला है। बुधवार को डीएसपी की जमीन खाली करने के लिए दर्जनों दुकानों पर बुलडोजर चलाया गया। जेसीबी मशीन के जरिए एक-एक कर सभी दुकानों को ध्वस्त कर दिया गया। हालांकि इस दौरान डीएसपी प्रबंधन को किसी प्रकार के विरोध का सामना नहीं करना पड़ा। 



गौरतलब है कि इससे पहले गत चार सितंबर को भी डीएसपी प्रबंधन के तरफ से अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया था और मेनगेट में लिंक रोड के आसपास स्थित दर्जनों दुकानों को ध्वस्त कर दिया गया था। इसके बाद ये दुकानदार फिर से धीरे-धीरे प्लास्टिक की छावनी अथवा अस्थाई दुकान बनाकर वहां दुकानदारी कर रहे थे। इसके बाद डीएसपी प्रबंधन के तरफ से फिर दुकानदारों को जमीन खाली करने के लिए नोटिस दी गई। आखिरकार बुधवार से अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू कर दिया गया। सूत्रों ने बताया कि डीएसपी प्रबंधन द्वारा लिंक रोड और फ्लाईओवर के नीचे स्थित दुकानों को तोड़ने का अल्टीमेटम दिया जा चुका है। सिलसिलेवार तरीके से इन दुकानों को तोड़कर डीएसपी की जमीन खाली कराई जाएगी। डीएसपी प्रबंधन धीरे-धीरे अतिक्रमण हटाओ अभियान को आगे बढ़ने पर विचार कर रहा है और बाकी दुकानों पर भी बुलडोजर चलेगा।


सबसे ज्यादा गौर करने वाली बात यह है कि मेंनगेट में डीएसपी के फ्लाईओवर के पास सड़क के किनारे लगभग 100 से भी ज्यादा छोटे-बड़े दुकानदार पिछले कई वर्षों से दुकान चला कर अपनी जीविका चला रहे हैं। अब दुकानों पर बुलडोजर चलने के कारण इन दुकानदारों के सामने रोजी रोटी की चिंता खड़ी हो गई हैं। सबसे बड़ी चिंता इस बात को लेकर है कि अब इन दुकानदारों का आगे क्या होगा ?

Post a Comment

0 Comments